यूपी और दिल्ली-एनसीआर के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब जल्द ही जेवर में बन रहे देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट में से एक नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन होने जा रहा है. सीएम योगी ने ऐलान किया है कि नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को किया जाएगा. इसके उद्धाटन के लिए पीएम मोदी को न्योता भेज दिया गया है. सीएम योगी ने सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ किताब के विमोचन में इसकी घोषणा की है. बीते दिनों नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को विमानन नियामक से एयरपोर्ट लाइसेंस मिल गया था.
नाेएडा एयरपोर्ट की खासियतें
- बेहतरीन कनेक्टिविटी: यह एयरपोर्ट सीधे यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ा है.
- मेट्रो और रैपिड रेल: इसे दिल्ली और नोएडा मेट्रो से जोड़ा जा रहा है, साथ ही फ्यूचर में पॉड टैक्सी (Pod Taxi) की सुविधा भी मिल सकती है.
- डिजिटल अनुभव: यह देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट्स में से एक होगा, जहाँ पेपरलेस एंट्री और स्मार्ट चेक-इन की सुविधा होगी.
नोएडा एयरपोर्ट से किन शहरों के लिए उड़ानें?
नोएडा एयरपोर्ट से बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता समेत देश के 10 बड़े शहरों के लिए फ्लाइट शुरू होंगी. इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस से बातचीत पूरी हो चुकी है.
हिंडन एयरपोर्ट का विस्तार : सरकार ने गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के विस्तार की भी योजना बनाई है. इसके लिए राज्य सरकार से 9 एकड़ जमीन की मांग की गई है.
मुफ्त वाई-फाई की सुविधा : केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि अगले दो महीनों में देश के सभी हवाई अड्डों पर यात्रियों को मुफ्त वाई-फाई की सुविधा मिलने लगेगी. इसके अलावा, एयरपोर्ट पर लाइब्रेरी शुरू करने की भी योजना है.
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से होगी डायरेक्ट कनेक्टिविटी
यह हवाई अड्डा केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि हरियाणा के प्रमुख शहरों फरीदाबाद और गुरुग्राम से भी सीधे सड़क मार्ग द्वारा जुड़ जाएगा. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसके लिए 3630.77 करोड़ रुपये की संशोधित लागत वाले नए कॉरिडोर के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. इस योजना के तहत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के ‘दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना’ खंड को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए एक नई सड़क बनाई जाएगी. यह सड़क हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल (HAM) पर आधारित होगी, जो यूपी और हरियाणा दोनों राज्यों से होकर गुजरेगी.
इन शहरों के यात्रियों को होगा सीधा लाभ
इस नए कॉरिडोर के बनने से दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम के यात्रियों के लिए नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचना बेहद आसान और तेज हो जाएगा. यह मार्ग न केवल यात्रा का समय कम करेगा, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्रदान करेगा.


