कानपुर रेलवे स्टेशन की लिफ्ट में फंसे 18 यात्री, मचा हड़कंप, फिर RPF ने ऐसे बचाई लोगों की जान



उत्तर प्रदेश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शुमार कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उस वक्त अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर लगी लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच में ही अटक गई. लिफ्ट के अंदर करीब 18 यात्री मौजूद थे. बंद लिफ्ट में घुटन और डर के चलते यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई.

हालांकि, गनीमत रही कि मौके पर मौजूद एक आरपीएफ (RPF) जवान और एक स्थानीय स्टॉल संचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना उस समय हुई जब यात्री अपने भारी सामान और बच्चों के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 की लिफ्ट से आ-जा रहे थे.

जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट में एक साथ लगभग 18 लोग सवार थे. जैसे ही लिफ्ट ऊपर की ओर बढ़ी, वह अचानक झटके के साथ रुक गई. कुछ ही सेकंड में अंदर का माहौल खौफनाक हो गया. घुटन और बाहर निकलने का कोई रास्ता न दिखने पर लिफ्ट में फंसे यात्रियों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया और दरवाजे को पीटने लगे. अंदर से आती घबराहट भरी आवाजें सुनकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यात्रियों में भी हड़कंप मच गया.

लिफ्ट से आती चीख-पुकार सुनते ही प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का सिपाही तुरंत मौके पर पहुंचा. स्थिति की गंभीरता देखते हुए स्टेशन पर दुकान चलाने वाले एक स्टॉल संचालक ने भी फुर्ती दिखाई और जवान के साथ बचाव कार्य में जुट गया. दोनों ने बिना देर किए कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की. थोड़ी तकनीकी जद्दोजहद के बाद दरवाजे को थोड़ा सा खोलने में सफलता मिली और फिर एक-एक करके सभी घबराए हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

बाहर निकलते ही यात्रियों ने जोड़े हाथ, वीडियो हुआ वायरल

लिफ्ट से बाहर आते ही सहमे हुए यात्रियों ने खुली हवा में राहत की लंबी सांस ली. मौत के मुंह से सुरक्षित लौटने पर कई लोगों की आंखें नम हो गईं. बाहर निकलते ही सभी ने अपनी जान बचाने वाले RPF सिपाही और स्टॉल संचालक को ‘मसीहा’ बताते हुए दिल से धन्यवाद दिया और हाथ जोड़कर शुक्रिया अदा किया. इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद किसी व्यक्ति ने यात्रियों के लिफ्ट से बाहर निकलने का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे यात्री घबराई हालत में एक-एक कर बाहर आ रहे हैं.

ये भी पढ़ें :  Explainer: LPG संकट के बीच PNG कंज्यूमर क्यों हैं रिलैक्स? वजह जान लीजिए




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *