साहिल मनचंदा: दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर शनिवार सुबह एक कार चालक ने बीच ट्रैफिक सिग्नल पर खतरनाक स्टंट कर दिया. सुबह करीब 6:30 बजे जब सिग्नल पर वाहन सामान्य रूप से खड़े थे, तभी अचानक एक कार चालक ने अपनी गाड़ी को गोल-गोल घुमाते हुए ड्रिफ्टिंग शुरू कर दी.
ड्राइवरों ने रोक लिए वाहन, टला बड़ा हादसा
हरियाणा के सबसे हाईटेक शहर गुरुग्राम में कार चालक की इस लापरवाह हरकत को देखकर मौके पर मौजूद अन्य ड्राइवरों ने तुरंत अपने वाहन रोक लिए. कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि बड़ा हादसा हो सकता है. हालांकि, समय रहते लोगों की सतर्कता के कारण कोई दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन यह घटना सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
पीछे चल रहे ड्राइवर ने बनाया VIDEO
इस पूरे घटनाक्रम को पीछे आ रहे एक कार चालक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद लोग इस तरह की खतरनाक ड्राइविंग पर नाराजगी जता रहे हैं.
गुरुग्राम पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट न सिर्फ गैरकानूनी हैं, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और जागरूकता दोनों जरूरी हैं.
यह भी पढ़ें- VIDEO: बेंगलुरु में लैंबॉर्गिनी चालक का पागलपन, MG रोड पर अचानक करने लगा खतरनाक स्टंट


