दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर है. इस साल के अंत तक दिल्ली मेट्रो के तीन कॉरिडोर बनकर तैयार हो जाएंगे. इन कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्लीवासियों को बड़ी राहत मिलेगी. ये तीनों कॉरिडोर मेट्रो के फेज-4 के तहत बनाए जा रहे हैं. अब तुगलकाबाद से एयरोसिटी और मजलिस पार्क से आर.के. आश्रम तक मेट्रो के जरिए पहुंच पाएंगे. 104 किलोमीटर का विशाल नेटवर्क, 81 नए स्टेशन और 32 इंटरचेंज पॉइंट्स के साथ, दिल्ली मेट्रो अपनी कनेक्टिविटी की नई इबारत लिखने जा रही है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ दिल्ली मेट्रो के फेज-4 की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि इन मेट्रो कॉरिडोर दिसंबर 2026 तक पूरे किए जाने का लक्ष्य है. नए मेट्रो कॉरिडोर खुलने से कई हिस्से बेहतर तरीके से आपस में जुड़ जाएंगे.
कौन-कौन से कॉरिडोर हो रहे तैयार?
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि मजलिस पार्क से मौजपुर, दीपाली चौक से मजलिस पार्क और जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन जैसे प्रमुख सेक्शन पहले ही चालू हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक (लगभग 6.6 किमी), मजलिस पार्क से डेरावल नगर (3.5 किमी), डेरावल नगर से आरके आश्रम (7.4 किमी), तुगलकाबाद से संगम विहार (6.3 किमी), संगम विहार से साकेत जी ब्लॉक (4.3 किमी) और साकेत जी ब्लॉक से एयरोसिटी (12.6 किमी) सहित कई प्रमुख कॉरिडोर दिसंबर 2026 तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है. इन कॉरिडोर से शहर के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है.
- कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक
- मजलिस पार्क से आर.के. आश्रम (मजलिस पार्क-डेरावल नगर और डेरावल नगर-आर.के. आश्रम)
- तुगलकाबाद से एरोसिटी (साकेत जी ब्लॉक, संगम विहार शामिल)
Delhi Metro
सड़क और फ्लाईओवर भी बनेंगे
मेट्रो के अलावा दिल्ली सरकार ने वजीराबाद से डीएनडी तक यमुना नदी के किनारे 19.2 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है. एलिवेटेड सड़क को तीन चरणों में बनाने की योजना है-
- सुरघाट से आईएसबीटी
- आईएसबीटी से सराय काले खां
- सराय काले खां से डीएनडी.
इसके अलावा, त्रिपोलिया गेट से बर्फखाना तक 2.62 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है. दिल्ली सचिवालय में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम ने कहा कि राजधानी में यातायात जाम कम करने, यात्रा सुगम बनाने और प्रदूषण स्तर घटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.


