‘मां और बहन ने पिता को मुंह दबाकर मार दिया’- 13 साल के बेटे के बयान से खुला खौफनाक कत्ल का राज

‘मां और बहन ने पिता को मुंह दबाकर मार दिया’- 13 साल के बेटे के बयान से खुला खौफनाक कत्ल का राज ‘मां और बहन ने पिता को मुंह दबाकर मार दिया’- 13 साल के बेटे के बयान से खुला खौफनाक कत्ल का राज

Haridwar Murder Case: हरिद्वार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक बेटे के बयान ने उस खौफनाक सच्चाई से पर्दा उठाया, जिसमें मां और नाबालिग बेटी ने मिलकर घर के मुखिया की हत्या कर दी. अवैध रिश्तों की बात खुलने के डर और घरेलू झगड़ों के कारण पत्नी और नाबालिग बेटी ने वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को कहा कि पति ने आत्महत्या कर ली. 

दरअसल, 2 अप्रैल को हरिद्वार के ग्राम लाहडपुर की रहने वाली पूजा नाम की महिला कोतवाली श्यामपुर पहुंची. उसने पुलिस को बताया कि उसके पति बबलू ने रात में शराब के नशे में कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचीं. शुरुआती जांच में ही कई बातें असामान्य दिखीं, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा.

मौके की जांच में बढ़ा पुलिस का शक

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. कमरे की स्थिति, शव की हालत और आसपास के हालात सामान्य आत्महत्या से मेल नहीं खा रहे थे. इसके चलते मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए गए. तभी से पुलिस को शक था कि मामला कुछ और है.

भाई की शिकायत से बदली जांच की दिशा

उसी रात मृतक बबलू के भाई राजू ने कोतवाली में लिखित शिकायत दी. उसने आरोप लगाया कि बबलू की पत्नी, उसकी नाबालिग बेटी और एक अन्य युवक ने मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या की है. इस शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच को हत्या की दिशा में आगे बढ़ाया.

बेटे के बयान से खुला सनसनीखेज सच

जांच के दौरान पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए. इसके बाद मृतक के बच्चों से बात की गई. तभी बेटे ने पुलिस को बताया कि रात में उसकी मां और बहन ने तकिये से पिता का मुंह दबाकर हत्या कर दी थी. इस बयान ने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी.

कड़ी पूछताछ में पूजा और उसकी नाबालिग बेटी टूट गईं. उन्होंने बताया कि बबलू को उनके अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी. इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता था और बबलू शराब पीकर मारपीट करता था. तंग आकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

मां-बेटी ने मुंह दबाकर की हत्या

आरोपियों के मुताबिक, घटना वाले दिन बबलू को शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी गईं. जब वह गहरी नींद में चला गया तो चारपाई पर दुपट्टों से उसके हाथ-पैर बांध दिए गए. इसके बाद तकिये से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली गई.

आत्महत्या दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद दोनों ने शव को दूसरे कमरे की चारपाई पर शिफ्ट किया. पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक के मुंह में सल्फास का घोल डाला गया और कमरा बंद कर दिया गया. अगली सुबह पूजा ने झूठी कहानी गढ़ी कि बबलू रात में झगड़ा कर चला गया था और लौटकर उसने जहर खा लिया. पुलिस की जांच में यह कहानी ज्यादा देर टिक नहीं पाई. 3 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी पत्नी पूजा को गिरफ्तार कर लिया. नाबालिग बेटी को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया. 

एसपी सिटी हरिद्वार अभय प्रताप सिंह ने बताया कि थाने में दी गई आत्महत्या की सूचना शुरू से ही संदिग्ध थी. गहन जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर पति की हत्या की. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *