युवराज के पापा, चीनी कम खाइए… इन्फ्लूएंसर की अपील पर पीएम मोदी का ‘स्वीट’ हेल्थ मैसेज

Latest and Breaking News on NDTV युवराज के पापा, चीनी कम खाइए... इन्फ्लूएंसर की अपील पर पीएम मोदी का 'स्वीट' हेल्थ मैसेज


नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक के बाद एक दो स्टोरी शेयर की, जिसके माध्यम से उन्होंने देशवासियों से स्वस्थ रहने, चीनी छोड़ने और योग करने की अपील की. दरअसल इंस्टाग्राम पर शेयर पहली स्टोरी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स युवराज दुआ ने प्रधानमंत्री मोदी से ‘मन की बात’ में मीठे के खिलाफ बात करने की अपील की है. युवराज ने इंस्टाग्राम पर अपने पापा की एक छोटी सी स्टोरी शेयर कर पीएम मोदी से मीठे के खिलाफ कुछ कहने की अपील की, ताकि उनके पापा की शुगर कम हो सके. 

पीएम मोदी से युवराज दुआ की खास अपील

इंस्टा स्टोरी में युवराज दुआ कह रहे हैं कि लोग कहते हैं कि भारत में बेटे अपने पिता के प्रति प्यार का इजहार नहीं कर पाते. कैसे करें? उनके प्यार की लिस्ट में तीसरे नंबर पर फ्रेंड्स आते हैं, दूसरे पर फैमिली आती है, और पहले नंबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आते हैं. और, मोदी जी से किसी की बराबरी नहीं हो सकती. अगर मेरे पापा को बोला जाए कि एक इमारत में आग लगी है और आपके बच्चे, बीवी और नरेंद्र मोदी अंदर हैं, लेकिन निकाला किसी एक को ही जा सकता है… तो, मेरे पापा पुरजोर तरीके से बोलेंगे कि आएगा तो मोदी ही. मान लो कि अगर मेरे पापा टीवी देख रहे हैं और ऊपर से ड्रैगन उड़ता हुआ भी जा रहा है तो टीवी से ध्यान नहीं हटेगा क्योंकि उस पर नरेंद्र मोदी आ रहे हैं. वो किसी सामूहिक कार्यक्रम में खाना खाने से पहले चार लोगों को ढूंढेंगे, क्योंकि जब तक वो उनसे पीएम मोदी की तारीफ न कर लें तो उनको खाना नहीं पचेगा.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी की ‘डायलॉग डिप्लोमेसी’, ईरान युद्ध के बीच इन 5 देशों के राष्ट्राध्यक्षों से की बात

मीठे के खिलाफ कुछ कहने की अपील 

युवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, मेरा आपसे अनुरोध है कि आपके शब्द मेरे पापा के लिए पत्थर की लकीर हैं, इसलिए अगर अगले ‘मन की बात’ एपिसोड में आप मीठे के खिलाफ कुछ बोल दें तो मेरे पापा का शुगर कंट्रोल हो जाएगा, क्योंकि हमारे कहने से उनकी जलेबियां कम नहीं हो रही हैं.

“अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, अच्छा खाएं”

वहीं, दूसरे पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक अन्य स्टोरी शेयर की, जिसमें लिखा है, “अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, अच्छा खाएं, स्वस्थ भोजन करें. ज्यादा चीनी कई बीमारियों को न्योता देती है. इसके अलावा, मोटापे का खतरा भी मंडरा रहा है. साथ ही, योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं. यह फिट और सक्रिय रहने का एक शानदार तरीका है.”

पहले भी की हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की अपील

इससे पहले भी कई मौकों पर प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों से हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की अपील कर चुके हैं. पिछले साल मई में पीएम मोदी ने देशवासियों को मोटापे से बचाव और खाने में तेल की मात्रा कम करने की अपील की थी. उनके इस संदेश पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत आने वाले एफएसएसएआई ने राज्यों से कहा था कि वे अपने यहां जागरुकता अभियान शुरू करें और लोगों को संतुलित आहार और कम तेल वाले खाद्य पदार्थ खाने के लिए प्रेरित करें.
 

इनपुट-IANS के साथ






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *