वाशिंगटन:
ईरान-इजरायल युद्ध के बीच अमेरिकी सेना में फूट की खबरें सामने आ रही हैं. अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटा दिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कहा गया है कि उनको पद से हटाने की वजह सीनियर अधिकारियों की पदोन्नति और सेना संबंधी फैसलों पर कंट्रोल को लेकर रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के साथ उनके तीखे मतभेद रहे. टकराव की वजह जॉर्ज के सीनियर अधिकारियों की पदोन्नति को रोकने या रद्द करने से इनकार माना जा रहा है. जबकि हेगसेथ लगातार उन पर इसके लिए दबाव बना रहे थे. इस मतभेद से दोनों पक्षों के बीच दरार और गहरी हो गई और आखिरकार जॉर्ज को पद छोड़ना पड़ा.
US ब्रॉडकास्टर सीबीएस ने इससे पहले एक अधिकारी के हवाले से बताया था कि जॉर्ज को तत्काल रिटायरमेंट लेने के लिए कहा गया था. हालांकि पेंटागन ने इस फैसले का सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक, हेगसेथ एक ऐसे सेना प्रमुख चाहते थे जो सेना के लिए उनके और ट्रंप के दृष्टिकोण के मुताबिक हो.
ईरान युद्ध के दौरान जॉर्ज की बर्खास्तगी
जॉर्ज की बर्खास्तगी ऐसे समय पर हुई है, जब अमेरिका ईरान के खिलाफ जंग के मैदान में हैं. ट्रंप ने जंग पर हालही में ने दावा किया था कि अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ युद्ध में अपने मकसद को “पूरा करने के करीब” है. उन्होंने सेना की जीत को भी सराहा था.
पेंटागन के शीर्ष नेतृत्व में बड़े फेरबदल के बीच, जॉर्ज ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में हटाए गए सीनियर सैन्य अधिकारी हैं. गुरुवार को, अमेरिकी सैन्य अकादमी ने जॉर्ज की तस्वीरें शेयर कर कहा कि उन्होंने “नेतृत्व की तैयारी कर रहे कैडेटों को अनुभव आधारित मार्गदर्शन दिया था.”
The @USArmy Chief of Staff, Gen. Randy George, shared experience-driven guidance with cadets preparing to lead. Thank you for investing in our future Army leaders. pic.twitter.com/F0Q7NGMRY5
— U.S. Military Academy at West Point (@WestPoint_USMA) April 2, 2026
रक्षा सचिव से मतभेद
द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हेगसेथ और जॉर्ज के बीच टकराव सेना की दिशा को लेकर मूलभूत मतभेदों की वजह से नहीं बल्कि, हेगसेथ की सेना के प्रति लंबे समय से चली आ रही शिकायतों, कार्मिक निर्णयों पर विवादों और अमेरिकी सेना सचिव डैनियल पी. ड्रिस्कॉल के साथ उनके तनावपूर्ण संबंधों से पैदा हुआ. रिपोर्ट में ये बात अन्य अधिकारियों के हवाले से कही गई है. अधिकारियों ने कहा कि पिछले एक साल में जॉर्ज और ड्रिस्कॉल के बीच क्लोज वर्किंग पार्टनरशिप बढ़ी, जिससे रक्षा सचिव के साथ तनाव और बढ़ गया था.
अधिकारियों के प्रमोशन से विवाद
हेगसेथ ने चार सेना अधिकारियों को एक-स्टार जनरल के पद पर पदोन्नत होने से रोक दिया था. वे महीनों से इन अधिकारियों को प्रमोशन लिस्ट से हटाने के लिए जॉर्ज और ड्रिस्कॉल पर दबाव डाल रहे थे. हेगसेथ संग इसे लेकर दोनों का टकराव था. अधिकारियों के मुताबिक, जॉर्ज और ड्रिस्कॉल दोनों ने अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड का हवाला देते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया था.

मुलाकात से इनकार के बाद गहरी हुई दरार
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, लगभग दो हफ्ते पहले, जॉर्ज ने रुके हुए प्रमोशन पर चर्चा करने और रक्षा सचिव द्वारा सेना के कर्मियों से संबंधित फैसलों में गैरजरूरी हस्तक्षेप पर चिंता जताने के लिए हेगसेथ से मुलाकात की अपील की थी. लेकिन हेगसेथ ने इस मामले पर जॉर्ज से मिलने से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच दरार और गहरी हो गई थी.


