Online Betting Mastermind Babu Khemani Arrested: ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बीते ढाई साल से क्रिकेट और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले बड़े गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. बाबू खेमानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में हाई‑प्रोफाइल लोगों को सट्टे में फंसाता था और करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला रहा था. इस कार्रवाई में पुलिस ने मुंबई और गोवा में एक साथ छापेमारी कर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि अब तक इस पूरे मामले में 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. चार राज्यों में फैले सट्टा नेटवर्क को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है. पुलिस का कहना है कि जांच में करोड़ों रुपये के बैंक लेनदेन का खुलासा हुआ है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
Online Betting Case: बाबू खेमानी की गिरफ्तारी पर जानकारी देती रायपुर पुलिस
सट्टा ऐप और पैनल के जरिए चल रहा था पूरा खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले ढाई साल से ऑनलाइन सट्टा चला रहा था. वह 3Stumps, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65, डायमण्ड मास्टर और 55 एक्सचेंज जैसे ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित करता था. शुरुआत में उसने मेट्रो, कलर 777 और क्लासिक एक्स 99 जैसे ऐप्स के जरिए सट्टे का कारोबार शुरू किया था. बाद में पुलिस के दबाव के चलते पुराने ऐप बंद कर दिए गए और नए नाम से पैनल चलाए जाने लगे.

Online Betting Case: बाबू खेमानी गिरफ्तार
सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर फंसाता था ग्राहक
बाबू खेमानी खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में पेश करता था. बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने का फायदा उठाकर वह हाई‑प्रोफाइल लोगों से संपर्क करता और उन्हें ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करता था. खासतौर पर आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सट्टे का खेल चरम पर रहता था. पुलिस के मुताबिक, देशभर में फैले एजेंटों के जरिए लोगों को आईडी और पैनल बांटे जाते थे.
रायपुर से शुरू हुई थी पूरी कार्रवाई
इस पूरे मामले का खुलासा 13 अप्रैल को तब हुआ जब रायपुर के थाना गंज क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक चारपहिया वाहन में बैठे व्यक्ति को मोबाइल फोन पर ऑनलाइन सट्टा खेलाते हुए पकड़ा गया. पूछताछ के बाद पुलिस को बड़े गिरोह की जानकारी मिली. इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने ओडिशा और महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में कार्रवाई शुरू की.
60 लाख से ज्यादा का सामान जब्त
पुलिस ने अब तक की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में सट्टे से जुड़ा सामान जब्त किया है. आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, वाई-फाई राउटर, कैलकुलेटर, सट्टा हिसाब‑किताब की कॉपियां, नगद रकम, सिम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड और एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार जब्त की गई है. जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है.

Online Betting Case: बाबू खेमानी गिरफ्तार
म्यूल खातों से होता था करोड़ों का लेनदेन
जांच में सामने आया है कि आरोपी सट्टे की रकम के लेनदेन के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे. ये खाते देशभर से एजेंटों के जरिए 20 से 30 हजार रुपये में किराए पर लिए जाते थे. इन्हीं खातों से करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया गया. पुलिस अब इन खातों के असली धारकों की जानकारी जुटा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुंबई और गोवा में एक साथ रेड
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में मुंबई और गोवा में एक साथ छापेमारी की गई. मुंबई में बाबू खेमानी, रोहित सिंह और विशाल कश्यप को गिरफ्तार किया गया. वहीं गोवा में चल रहे एक ऑनलाइन पैनल पर कार्रवाई कर चार और आरोपियों को पकड़ा गया और पूरा लाइन पैनल बंद कर दिया गया.
विदेश यात्राओं पर भी नजर
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि बाबू खेमानी वर्ष 2011 में दुबई, 2023 में थाईलैंड (बैंकॉक) और 2025 में तीन बार दुबई यात्रा कर चुका है. पुलिस अब उसके विदेशी कनेक्शन की भी जांच कर रही है. इसके अलावा सट्टे की रकम वसूली के लिए दबाव और धमकी देने की जानकारी भी सामने आई है, जिस पर अलग से जांच की जा रही है.
पहले भी दर्ज हैं मामले
बाबू खेमानी के भाई करण खेमानी के खिलाफ पहले भी रायपुर के खम्हारडीह थाने में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज है. बाबू खेमानी के खिलाफ भी पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है.
गिरफ्तार आरोपियों में ये शामिल
मुंबई से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बाबू उर्फ गुलशन खेमानी, रोहित सिंह और विशाल कश्यप शामिल हैं. वहीं गोवा से लक्ष्मण ढोबरे, आशीष जाधव, रंजीत कुमार पासवान और वैभव खंडेलवाल को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अभी जारी है और सट्टा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.
यह भी पढ़ें : रायपुर-मुंबई-भुवनेश्वर तक फैला सट्टा नेटवर्क; बाबू खेमानी की गिरफ्तारी की दावा, 3 STUMPS गैंग का मास्टमाइंड
यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद MP में गिरफ्तारी प्रक्रिया बदली, अब लिखित कारण देना होगा; PHQ ने जारी किया आदेश
यह भी पढ़ें : चंबल अभ्यारण्य में अवैध खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त; MP-UP-राजस्थान को HD CCTV लगाने के निर्देश, ये चेतावनी भी
यह भी पढ़ें : MP Transfer Policy: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी; तबादला बैन हटेगा, मई-जून में शुरू होंगे ट्रांसफर


