Bihar News: बिहार के जहानाबाद जिले में एक शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं जब बारातियों से भरी एक चलती गाड़ी अचानक आग की लपटों में घिर गई. यह खौफनाक मंजर काको थाना क्षेत्र के कड़डुआ पुल के पास देखने को मिला. गनीमत यह रही कि समय रहते खतरे को भांपते हुए सभी बाराती गाड़ी से बाहर निकल गए जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.
सड़क पर चलते-चलते आग का गोला बनी सूमो
जानकारी के अनुसार टाटा सूमो विक्टा गाड़ी में सवार होकर बाराती शादी समारोह में जा रहे थे. जैसे ही गाड़ी कड़डुआ पुल के समीप पहुंची उसमें से धुआं उठने लगा. देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार और ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं. गाड़ी में सवार बारातियों ने सूझबूझ दिखाई और लपटों के विकराल होने से पहले ही कूदकर अपनी जान बचा ली.
NH-33 पर मची अफरा-तफरी
इस अचानक हुए हादसे के कारण जहानाबाद-नालंदा मुख्य सड़क मार्ग (NH-33) पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बीच सड़क पर धधकती गाड़ी को देख राहगीरों के बीच दहशत फैल गई और दोनों ओर से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलते ही काको थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मोर्चा संभालते हुए भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया.
तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया जिसके बाद मौके पर एक-एक कर तीन दमकल की गाड़ियां पहुंची. अग्निशमन दल के कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया. हालांकि तब तक गाड़ी जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी. आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात सुचारू कराया.
शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह
अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है लेकिन प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह हादसा हुआ. पुलिस और दमकल विभाग की टीम अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आग लगने के असल कारणों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें-पहली बार मंच पर साथ दिखेंगे नितिन नवीन-भजनलाल शर्मा, सचिन पायलट के गढ़ में बीजेपी अध्यक्ष का मेगा शो


