पश्चिम बंगाल के बोंगांव में आयोजित विजय संकल्प सभा में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी की निर्ममता ने बंगाल की पहचान (मां, माटी और मानुष) को गहरा नुकसान पहुंचाया है.प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल पहले टीएमसी ‘मां-माटी-मानुष’ का नारा देकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज उनके मुंह से ये शब्द तक नहीं निकलते. अगर वे इसका जिक्र करेंगे, तो उनके पाप सामने आ जाएंगे. टीएमसी की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया.”
यह राज्य फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है
उन्होंने कहा कि बंगाल के पास अपार संभावनाएं हैं और यह राज्य फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है. पीएम मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद करते हुए कहा कि नेताजी ने कहा था, ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा.’ आज बंगाल को आपके एक वोट की जरूरत है. आप हमें अपना वोट दीजिए, हम आपको टीएमसी से आजादी दिलाएंगे.
जनता ने पहले चरण में ही टीएमसी का अहंकार तोड़ दिया
पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने पहले चरण में टीएमसी के अहंकार को तोड़ दिया है और दूसरे चरण में भाजपा की बड़ी जीत तय होगी.महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री ने टीएमसी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, “टीएमसी के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें और बेटियां हैं. संदेशखाली में बहनों के साथ अन्याय हुआ, लेकिन सरकार ने गुंडों का साथ दिया. बेटियां लापता हो रही हैं और सरकार सोई हुई है.”
उन्होंने कहा कि बेटियों की पढ़ाई और दवाई की पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार लेगी.” इसके अलावा पीएम मोदी ने हर साल 36,000 रुपए सीधे महिलाओं के खातों में जमा करने, आंगनवाड़ी और महिला हेल्थ वर्कर्स के वेतन में सुधार और सरकारी नौकरियों में बेटियों को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी वादा किया गया.
प्रधानमंत्री ने गरीबों और आम जनता के लिए कई योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुफ्त राशन देती है, जिससे लोगों को सालाना 7,000 से 10,000 रुपए तक की बचत होती है. जिन महिलाओं के पास पक्का घर नहीं है, उन्हें 1.5 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी.पीएम मोदी ने यह भी कहा कि टीएमसी सरकार ने लोगों को आर्सेनिक युक्त पानी पीने के लिए मजबूर किया है, जबकि भाजपा सरकार हर घर तक साफ पानी पहुंचाने का काम करेगी. इसके अलावा छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए करीब 80,000 रुपए की मदद भी दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: बंगाल में प्रचार के लिए बचे बस तीन दिन, पावर पैक्ड होगा वीकेंड, PM मोदी से लेकर ममता बनर्जी की बड़ी रैलियां


