40 लाख लोग 10 साल खाना खा लें…. अमेरिका ने पहली बार बताया ईरान से जंग लड़ने में कितना खर्चा आया

Latest and Breaking News on NDTV 40 लाख लोग 10 साल खाना खा लें.... अमेरिका ने पहली बार बताया ईरान से जंग लड़ने में कितना खर्चा आया


ईरान से युद्ध अमेरिका को कितना भारी पड़ रहा है, इसका खुलासा पहली बार अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने किया है. पेंटागन के सीनियर अधिकारी जूल्स हर्स्ट ने संसद की आर्म्ड सर्विसेज कमिटी के सामने सुनवाई में ये आधिकारिक आंकड़ा पेश किया. उन्होंने बताया कि 28 फरवरी से शुरू हुए ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ पर अब तक 25 बिलियन डॉलर (करीब 2.3 लाख करोड़ रुपये) खर्च हो चुके हैं. इसमें से अधिकतर रकम हथियारों और गोला बारूद पर खर्च हुई है. 

अमेरिका ने कितना बड़ा नुकसान कर लिया

25 अरब डॉलर की ये रकम कितनी ज्यादा है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ये नासा के पूरे साल के बजट के बराबर है. भारत के कुल वार्षिक रक्षा बजट का एक-तिहाई भी करीब इतना ही है. इस रकम से करीब 40 लाख लोगों को अगले 10 साल तक भरपेट खाना खिलाया जा सकता है. 40 लाख की आबादी ओमान, पनामा या जॉर्जिया जैसे देशों की कुल आबादी के बराबर है. भारत में मिड डे मील का सालाना बजट करीब 12-13 हजार करोड़ रुपये होता है, जिससे 12 करोड़ बच्चों को खाना खिलाया जाता है. आप अंदाजा लगा लीजिए कि ईरान से दुश्मनी में अमेरिका ने अपना कितना बड़ा नुकसान कर लिया है. 

सांसदों ने पेंटागन अधिकारी की खिंचाई की

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के बही खातों की जांच करने वाले जूल्स हर्स्ट ने हालांकि 25 अरब डॉलर के इस खर्चे के बारे में विस्तार से नहीं बताया. उन्होंने ये नहीं बताया कि इस रकम में मिडिल ईस्ट में सैन्य ढांचों को हुए नुकसान को फिर से बनाने का अनुमानित खर्च भी शामिल है या नहीं. उनके जबाव को लेकर डेमोक्रेट सांसदों ने उनकी खिंचाई भी की और कहा कि हम खुश हैं कि आपने खर्च की जानकारी दी क्योंकि लंबे अरसे से हम ये पूछ पूछकर थक गए थे कि आखिर युद्ध में कितनी रकम फूंक दी गई है. 

देखें- वो चाहते हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को हम खुलवाएं… ईरान को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा

सांसदों पर भड़क गए रक्षा मंत्री हेगसेथ

अमेरिकी संसद की आर्म्ड सर्विसेज कमिटी के सामने सुनवाई में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी पेश हुए. डेमोक्रेट सांसदों ने जब उनसे तीखे सवाल पूछे तो वह भड़क गए. संसदीय समिति के सामने पहली बार पेश हुए हेगसेथ ने आक्रामक रुख अपना लिया और कहा कि इस वक्त सबसे बड़ी चुनौती कांग्रेस के डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन सांसदों के निराशावादी शब्द हैं. उनका कहना था कि खर्च का अनुमानित आंकड़ा 25 बिलियन डॉलर से थोड़ा कम है.

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से जब डेमोक्रेट सांसदों ने तीखे सवाल पूछे तो वह भड़क गए.

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से जब डेमोक्रेट सांसदों ने तीखे सवाल पूछे तो वह भड़क गए.

डेमोक्रेट्स ने युद्ध को बताया रणनीतिक भूल

विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने ईरान युद्ध को एक रणनीतिक भूल और वैश्विक आपदा करार दिया. सांसदों का आरोप है कि इस जंग की वजह से अमेरिकी हथियारों का भंडार इतनी तेजी से खाली हो रहा है कि भविष्य में चीन जैसी ताकतों का मुकाबला करना मुश्किल हो सकता है. डेमोक्रेट जॉन गेरामेंडी ने हेगसेथ पर आरोप लगाया कि वह पहले दिन से ही ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी जनता से झूठ बोल रहे हैं. 

हेगसेथ बोले, ईरान को रोकने के लिए ये रकम कुछ भी नहीं

सांसदों के तीखे सवालों का जवाब देते हुए हेगसेथ ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए ये कीमत कुछ भी नहीं है. उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक स्थिरता के लिए इस खर्च में कुछ गलत नहीं है. जॉन गेरामेंडी का आड़े हाथ लेते हुए हेगसेथ ने कहा कि आप यहां बैठकर किसकी तरफदारी कर रहे हैं? इस युद्ध को दलदल कहना असल में हमारे दुश्मनों के हाथों में प्रोपेगेंडा सौंपने जैसा है.

देखें- लंदन में बीच सड़क यहूदियों पर चाकू से हमला, पुलिस बोली- ये आतंकी घटना, ईरान समर्थक ग्रुप ने ली जिम्मेदारी





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *