Bihar News: अगर आप बिहार में रहते हैं, तो मौसम का यह ताजा अपडेट (Bihar Weather Update) आपके लिए बहुत जरूरी है. पिछले कुछ दिनों से मौसम जिस तरह से अपने रंग बदल रहा है, उसे देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र (IMD Patna) ने 7 मई को एक नई चेतावनी जारी की है. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि आने वाले कुछ दिनों तक आपको तेज आंधी और बारिश के साथ-साथ भयंकर गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है. आइए जानते हैं कि अगले 7 दिनों में बिहार का मौसम कैसा रहने वाला है…
बिहार में एक साथ 5 वेदर सिस्टम एक्टिव
फिलहाल आसमान में मौसम की भारी हलचल चल रही है और कुल पांच अलग-अलग वेदर सिस्टम एक्टिव हैं. इनमें से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तो सीधे तौर पर पूर्वी बिहार के ऊपर ही बना हुआ है, जो समुद्र तल से 1.5 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के ऊपर भी इसी तरह के सिस्टम और निम्न दबाव वाले क्षेत्र बने हुए हैं. इन सबका मिलाजुला असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है. यही नहीं, मौसम विभाग का कहना है कि 10 मई से पश्चिमी हिमालय की तरफ से एक नया ‘पश्चिमी विक्षोभ’ भी आने वाला है, जिससे मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा.
3 से 5 डिग्री तक बढ़ने वाला है तापमान
अगर आपको लग रहा था कि आंधी और बारिश से मौसम ठंडा हो जाएगा, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले तीन से चार दिनों के अंदर दिन के अधिकतम तापमान में 3-5°C तक की बढ़ोतरी होने वाली है. रात के समय भी गर्मी से खास राहत नहीं मिलेगी क्योंकि न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे 2-3°C तक बढ़ जाएगा. इसका मतलब है कि आपको तेज चिलचिलाती धूप के साथ-साथ पसीने छुड़ाने वाली भारी उमस का भी सामना करना पड़ेगा.
इन जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी है. 7 और 8 मई को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की संभावना है. 9 मई को तो पूरे राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट है. इसके बाद 10 और 11 मई को भी पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया और कुछ अन्य जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. हालांकि, राहत की बात यह है कि 12 और 13 मई को मौसम थोड़ा शांत रहेगा और इन दो दिनों के लिए विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है.
खराब मौसम में खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
ऐसे खतरनाक मौसम में अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सबसे ज्यादा मायने रखती है. मौसम विज्ञान केंद्र ने सलाह दी है कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कच्ची झोपड़ियों और टीन की छतों को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं, इसलिए ऐसे अस्थाई ढांचों को अच्छी तरह से सुरक्षित कर लें या वहां से खाली कर दें. अगर आसमान में बिजली कड़क रही हो, तो बिल्कुल भी खुले में न रहें और तुरंत किसी पक्के मकान के अंदर चले जाएं. किसी भी कीमत पर ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों और आंधी-तूफान के समय अपने घर के सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग बिजली के बोर्ड से निकाल दें ताकि किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके.
यहां देखें IMD अलर्ट की पूरी रिपोर्ट:-
ये भी पढ़ें:- ब्राह्मण, क्षत्रिय, यादव… गाड़ी पर दिखा जातिसूचक शब्द तो जुर्माना भरने को रहो तैयार, AI कैमरे से कटेगा चालान


