प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद केंद्रीय नितिन गडकरी ने बड़ा फैसला किया लिया है. गडकरी ईंधन की खपत बचाने के लिए अपने काफिले को कम करेंगे और खुद बस के जरिए सफर करेंगे. वे 14 और 15 मई को महाराष्ट्र के पुणे, सतारा और सोलापुर दौरे पर रहेंगे. यह दौरा वो बस के जरिए ही करेंगे. उनकी सुरक्षा, स्टाफ और पत्रकार उनके साथ बस में ही यात्रा करेंगे. सड़क परिवहन मंत्रालय ने एक नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी.
नितिन गडकरी बस से करेंगे सफर
मंत्रालय द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री 14 और 15 मई 2026 को संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी ने देश की ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन को बचाने का आह्वान किया है. इसलिए केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों, पत्रकारों और सुरक्षा कर्मियों के साथ बस से यात्रा करने का फैसला किया है, जिससे ट्रैफिक मैनेजमेंट और लोगों की सुविधा भी बेहतर होगी.
मंत्रालय ने पुणे, सतारा और सोलापुर के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखते हुए अपील की यात्रा के दौरान काफिले में गाड़ियों की संख्या को 50% तक कम कर दिया जाए.
पीएम मोदी ने भी काफिल में वाहनों को कम किया
बता दें कि पीएम मोदी ने हैदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए देशवासियों से अपील की थी कि वे पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल जितना हो सके कम करें और मेट्रो का इस्तेमाल करें. इलेक्ट्रिक बसों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें और कार पूलिंग को बढ़ावा दें. पीएम मोदी की अपील के बाद कई नेताओं और अधिकारियों ने ईंधन का इस्तेमाल कम करना शुरू किया है. प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने काफिल में कमी की है. आज दिल्ली की सड़क पर पीएम के काफिल में केवल दो ही गाड़ियां दिखीं.
यह भी पढ़ें: ईंधन महंगा, उड़ानें रद्द… एयर इंडिया ने जून से कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स रोकीं


