झारखंड में तेज रफ्तार का कहर, दोस्त को छोड़कर लौट रहे युवकों को ट्रक ने रौंदा; फोरलेन पर 2 हादसों में 4 मौत

झारखंड में तेज रफ्तार का कहर, दोस्त को छोड़कर लौट रहे युवकों को ट्रक ने रौंदा; फोरलेन पर 2 हादसों में 4 मौत झारखंड में तेज रफ्तार का कहर, दोस्त को छोड़कर लौट रहे युवकों को ट्रक ने रौंदा; फोरलेन पर 2 हादसों में 4 मौत

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार की देर रात नगर उंटारी फोरलेन सड़क पर काल बनकर दौड़ी तेज रफ्तार ने चार परिवारों के चिराग बुझा दिए. दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए. इस दोहरे हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

 पहली घटना: दोस्त को ट्रेन छुड़ाकर लौट रहे युवकों को ट्रक ने रौंदा, 3 की मौत

मिली जानकारी के अनुसार, पहली और सबसे बड़ी दुर्घटना बभनी गांव स्थित धर्मकांटा के समीप हुई. यहां एक ही मोटरसाइकिल पर पांच युवक सवार होकर अपने दोस्त किशुन उरांव को उड़ीसा जाने वाली ट्रेन पकड़वाने जा रहे थे. वही से ये सभी सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जाने वाले थे. इसी दौरान रास्ते में एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी.

पांचों युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे

टक्कर लगते ही पांचों युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे. स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. सभी को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन युवकों ने दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी चंदन उरांव (16 वर्ष), मंतोष उरांव (17 वर्ष) और सोनू उरांव (22 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं चौथे युवक अखलेश उरांव (20 वर्ष) की नाजुक हालत को देखते हुए उसे  सदर अस्पताल गढ़वा रेफर किया गया है.

दूसरी घटना: नींद की झपकी आने से डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौके पर ही मौत

 दूसरी दुर्घटना जतपुरा गांव के पास घटित हुई. यहां ठरकीया गांव निवासी राजू विश्वकर्मा (36 वर्ष) गढ़वा से अपना काम खत्म करके देर रात बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान अचानक नींद की झपकी आ जाने के कारण उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में फोरलेन के डिवाइडर से जा टकराई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजू विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई. इस हादसे में सोनबरसा गांव का रहने वाला 18 वर्षीय अतेंद्र कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया .

गांवों में पसरा मातम, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

इन दोनों दर्दनाक हादसों के बाद प्रभावित गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है. घटना की जानकारी देते हुए मृतक के परिजनों में फुलवती देवी ने बताया कि इस अप्रत्याशित हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है.

इधर, नगर उंटारी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी चारों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गढ़वा भेज दिया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश सहित मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: पति की दूसरी शादी से भड़की पत्नी, ऑटो शोरूम में मचाया हाई-वोल्टेज ड्रामा, तोड़ीं टेबल-कुर्सियां




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *