ग्रेटर नोएडा:
अभी भोपाल की ट्वीशा शर्मा की मौत के रहस्य से पर्दा उठा भी नहीं था कि ग्रेटर नोएडा में 14 महीने पहले ब्याह कर आई एक महिला ने कथित रूप से छत से कूदकर आत्महत्या कर ली. मामला दहेज हत्या का बताया जा रहा है जहां मृतका दीपिका के परिवार ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है. दीपिका के चाचा ने एनडीटीवी से बातचीत में दावा किया कि दीपिका के शरीर में चोट के निशान थे.
कहां की घटना, क्या है शिकायत?
घटना ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र के जलपुरा की है, जहां दीपिका नागर नामक विवाहिता की मौत हुई है. दीपिका के पिता संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ की थी. संजय के अनुसार, शादी में उन्होंने करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे.इसके बावजूद, ससुराल वाले लगातार अतिरिक्त दहेज में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे.वे दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे. पिता ने कई बार बेटी और ससुराल वालों को समझाने का भी प्रयास किया था.
दीपिका के चाचा का आरोप- शरीर पर थे चोट के निशान
दीपिका के चाचा ने एनडीटीवी से बातचीत में जो खुलासे किए हैं वो वाकई चौंकाने वाले हैं. चाचा ने कैमरे पर सीधे दीपिका के ससुरालवालों पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे. उसकी हत्या की गई है, पूरे परिवार पर केस होना चाहिए. उन्होंने मेरी भतीजी को प्रताड़ित किया. चाचा सुनील नागर ने एनडीटीवी से बातचीत में बताया कि मेरी भतीजी दीपिका की पढ़ाई अच्छे संस्थान में हुई थी. उसने बीएड किया हुआ था. दीपिका को शादी के बाद से ही ससुरालवालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था.
चाचा सुनील ने आगे बताया कि भतीजी की धूमधाम से शादी की गई थी. शादी के बाद दहेज को लेकर काफी परेशान किया जा रहा था जबकि हमने शादी में स्कॉर्पियों गाड़ी भी दी थी और भी बहुत सामान दिया था. हमने सोना भी दिया था, 1 करोड़ का पूरा खर्च आया था. सुनील ने आगे बताया कि कई दिनों से शिकायत की जा रही थी. हादसे वाले दिन हमें फोन आया कि आपकी लड़की गिर गई है. चोट आई है. हम शारदा अस्पताल पहुंचे तो दीपिका के पिता ने देखा कि शरीर पर चोट के निशान थे, गोली के निशान भी दिखाई दिए. पूरे शरीर पर मारपीट के निशान देखने के बाद लग रहा है कि उसके साथ कितनी ज्यादती हुई है. सुनील ने आगे बताया कि हमें बुलाकर दीपिका के ससुरालवाले वहां से भाग गए. ये मिलीभगत लग रही है. दीपिका के ससुर राजनीतिक रसूख के व्यक्ति हैं.
ग्रेटर नोएडा में शादी के 14 महीने बाद छत से कूदी युवती की मौत, परिवार ने ससुराल वालों पर लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप, परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज#GreaterNoida | @vikasbha | @AaquilJameel pic.twitter.com/CTBlJjuSG1
— NDTV India (@ndtvindia) May 18, 2026
17 मई को क्या हुआ था?
पीड़ित पिता ने बताया कि 17 मई को उनकी बेटी दीपिका ने उन्हें फोन कर बताया कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दहेज में गाड़ी व पैसे लाने को कह रहे हैं.शाम को संजय ससुराल गए और बातचीत कर वापस आ गए. रात में उन्हें फोन आया कि दीपिका छत से गिर गई है और उन्हें अस्पताल आने को कहा गया है. जब वे अस्पताल पहुंचे, तो देखा कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे.
पिता ने आरोप लगाया है कि ससुरालवालों ने ही दीपिका की हत्या कर उसके शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया है.इस मामले में पीड़ित पिता ने ससुर मनोज, सास पूनम, पति ऋतिक, ननद नेहा व तन्वी, तथा चचिया ससुर प्रमोद व विनोद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ससुर और पति को गिरफ्तार कर लिया है.मामले की आगे की जांच पड़ताल जारी है.
यह भी पढ़ें- ‘मैं फंस गई हूं यार, तुम मत फंसना…’ दोस्त को भेजा ट्विशा शर्मा का आखिरी मैसेज, सुसाइड से पहले बयां किया दर्द


