LPG Petrol Diesel Update: पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी लाइनों को देखकर परेशान हैं? डर है कि देश में ईंधन खत्म होने वाला है? अगर हां, तो आपके लिए राहत भरी खबर है. केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई कमी नहीं है. सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वो किसी भी तरह की पैनिक बाइंग से बचें और अफवाहों पर ध्यान ना दें.
सप्लाई चेन पूरी तरह दुरुस्त
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि देश भर में पेट्रोल और डीजल पूरी तरह पर्याप्त है. सप्लाई चेन स्थिर है और लगातार काम कर रही है. हालंकि मंत्रालय ने माना कि कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी डिमांड की वजह से दबाव देखा गया, लेकिन ऑयल मार्केटिंग कंपनियां स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रख रही हैं.
एलपीजी सिलेंडर की रिकॉर्ड डिलीवरी
पेट्रोल-डीजल के अलावा एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर भी सरकार ने अहम आंकड़े साझा किए हैं. मंत्रालय के अनुसार, 20 मई को ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग करीब 99 फीसदी तक पहुंच गई. सिलेंडर की कालाबाजारी और इसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सरकार ने डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) व्यवस्था को तेज कर दिया है, जो अब 96 फीसदी तक पहुंच चुकी है.
पिछले 3 दिनों का लेखा-जोखा
- पिछले तीन दिनों में करीब 1.32 करोड़ बुकिंग के मुकाबले रिकॉर्ड 1.34 करोड़ एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी हुई.
- केवल बुधवार को ही 45.36 लाख बुकिंग के सामने 47.51 लाख सिलेंडर उपभोक्ताओं के घरों तक पहुंचाए गए.
- पिछले तीन दिनों में करीब 1.87 लाख (5 किलो वाले) एफ़टीएल (FTL) सिलेंडरों की भी बंपर बिक्री हुई.
PNG कनेक्शन भी बंपर शुरू हुए
सरकार सिर्फ सिलेंडरों पर ही काम नहीं कर रही, बल्कि घरों तक सीधे पाइप से गैस पहुंचाने के काम में भी तेजी आई है. मार्च महीने से लेकर अब तक देश में लगभग 7.64 लाख नए पीएनजी कनेक्शन एक्टिव किए जा चुके हैं. इसके अलावा, 2.81 लाख कनेक्शनों के लिए इंफ्रा तैयार कर लिया है. यही नहीं, करीब 7.99 लाख नए उपभोक्ताओं ने गैस कनेक्शन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन भी कराया है.
अफवाहों पर ना दे ध्यान
सरकार ने लोगों को से अपील की है कि वो सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी तरह की कोरी अफवाहों का शिकार ना हों. सही और सटीक जानकारी के लिए केवल मंत्रालय के बयानों पर ही भरोसा करें. बढ़ती डिमांड के बावजूद देश का फ्यूल सिस्टम मजबूत है.
ये भी पढ़ें- फ्रांस, यूएई और सिंगापुर के बाद अब इस देश में चलेगा भारत का UPI, विदेशों में मच रही धूम


