सोशल मीडिया पर चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई है. इस याचिका में कथित फर्जी वकीलों, फर्जी लॉ डिग्री रैकेट और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े लोगों की गतिविधियों की सीबीआई जांच की मांग की गई है. सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका वकील राजा चौधरी ने दाखिल की है.
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ हाल ही में सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में आ गई है. कुछ दिन में ही उसके लाखों फॉलोअर्स हो गए हैं. सोशल मीडिया पर यह अभियान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था.
अब इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में वकील राजा चौधरी ने याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट की मौखिक टिप्पणियों को काटकर वायरल करने, मीम बनाने और उनसे पैसे कमाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है.
यह मामला 15 मई की सुनवाई से जुड़ा है, जिसमें CJI सूर्यकांत ने न्याय व्यवस्था के दुरुपयोग, फर्जी डिग्रियों के साथ इस पेशे में आने वाले लोगों और वकालत के गिरते स्तर पर चिंता जताई थी. सुनवाई के दौरान ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया गया था, जिसकी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी.
बाद में CJI ने साफ किया कि उनकी टिप्पणियां बेरोजगार युवाओं के खिलाफ नहीं थीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ थीं जो फर्जी डिग्रियों और फर्जी योग्यताओं के जरिए वकालत के पेशे में आ रहे हैं.


