दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के कोतवाली घंटाघर क्षेत्र स्थित साईं उपवन में आठवीं इंडियन नेशनल ओपन पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता के विजेता और पैरालंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. खिलाड़ी की मौत की खबर फैलते ही खेल जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
दस्तावेजों की शिकायत का बदला: पुलिस का बड़ा खुलासा
पुलिस ने मामले की तत्परता से जांच करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध साथी खिलाड़ी को हिरासत में लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
पुलिस उपायुक्त (नगर/ट्रांस हिंडन) धवल जायसवाल ने बताया कि आज थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत पुलिस को दोपहर 03.00 बजे के बाद एक सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति का शव साईं कुंज क्षेत्र में पड़ा हुआ है. पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवाया गया. शव की पहचान चिराग त्यागी के रूप में हुई है, जो पैरालंपिक प्लेयर हैं. शव को प्रथम दृष्टया देखने से यह प्रतीत हुआ कि किसी व्यक्ति द्वारा गोली मारकर हत्या की गई है.
यश खटीक को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति यश खटीक को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने बताया कि वह भी एक पैरालंपिक खिलाड़ी है और पूर्व में चिराग त्यागी के साथ ही प्रैक्टिस किया करता था. ये दोनों ब्लाइंड कैटेगरी (दृष्टिबाधित श्रेणी) के अन्तर्गत एथलेटिक्स में प्रतिभाग किया करते थे. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (दस्तावेजों के सत्यापन) के सम्बन्ध में चिराग त्यागी ने यश खटीक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके कारण यश का क्वालिफिकेशन कैंसिल (योग्यता रद्द) कर दिया गया था.
इस बात से यश खटीक काफी नाराज चल रहा था. इसी का बदला लेने के उद्देश्य से उसने पिस्टल से फायर करके चिराग त्यागी की हत्या कर दी. हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल की बरामदगी हेतु पुलिस की टीमें भेज दी गई हैं. परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत करके अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस खौफनाक वारदात और साथी खिलाड़ी द्वारा ही रंजिशन की गई हत्या के इस खुलासे ने खेल जगत और पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.
घर से हॉस्टल के लिए निकले थे चिराग
चिराग त्यागी सुबह अपने घर से हॉस्टल जाने के लिए निकले थे. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटे और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया, तो परिजन चिंतित हो गए. इसी बीच पुलिस को साईं उपवन क्षेत्र में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसकी शिनाख्त बाद में चिराग त्यागी के रूप में की गई. घटना की सूचना मिलते ही एसीपी उपासना पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
चिराग की मौत के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है. मौके पर पहुंचे परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है. मृतक के चाचा राजेश त्यागी ने बताया कि “वह सुबह घर से निकला था. हमें इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई और इंसाफ चाहिए.”
यह भी पढ़ें– Manish Patel Rewa: मनीष पटेल रीवा ‘पोक्कभान’ ने किया सरेंडर, 4M फॉलोअर्स वाले यूट्यूबर का पूरा केस क्या?


