शरीर को सेहतमंद रखने के लिए एक्सरसाइज बेहद जरूरी है. आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी सेहत का खास ख्याल नहीं रख पाते हैं. जिसके चलते कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है. हम सभी जानते हैं कि एक्सरसाइज करना सेहत के लिए अच्छा है, लेकिन क्या आपको पता है कि ‘कब’ एक्सरसाइज करनी चाहिए? हाल ही में हुई एक नई रिसर्च ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. रिसर्च के मुताबिक, अगर आप सुबह के समय वर्कआउट करते हैं, तो आपकी दिल की सेहत बेहतर और वजन कम हो सकता है.
क्या कहती है नई रिसर्च?
’अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी‘ की एक रिपोर्ट बताती है कि एक्सरसाइज का समय आपके नतीजों को बदल सकता है. मैसाचुसेट्स चैन मेडिकल स्कूल के शोधकर्ता प्रेम पटेल और उनकी टीम ने लगभग 14,000 लोगों पर एक साल तक स्टडी की. इन लोगों की एक्टिविटी को ट्रैक करने के लिए पहनने वाले डिवाइस (wearable devices) का इस्तेमाल किया गया. इस स्टडी में पाया गया कि जो लोग सुबह के समय एक्सरसाइज करते हैं, उनमें दिल की बीमारियों और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याओं का खतरा काफी कम हो गया. सुबह 7 से 8 बजे का ‘गोल्डन ऑवर’ स्टडी में सबसे बड़ी बात यह निकलकर आई कि सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे के बीच एक्सरसाइज करना सबसे फायदेमंद है. इस एक घंटे के दौरान की गई फिजिकल एक्टिविटी दिल की बीमारियों के जोखिम को सबसे निचले स्तर पर ले आती है.
सुबह एक्सरसाइज करने के फायदे- (Benefits Of Morning Exercise)
- वजन घटाने- सुबह वर्कआउट करने वालों में वजन बढ़ने और मोटापे का डर दूसरों के मुकाबले 35% कम पाया गया.
- दिल की बीमारियां- हार्ट अटैक और ब्लॉकज जैसी बीमारियों का खतरा 31% तक घट जाता है.
- डायबिटीज से बचाव- टाइप 2 डायबिटीज का रिस्क 30% तक कम हो जाता है.
- कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल- शरीर में बढ़े हुए गंदे कोलेस्ट्रॉल (Hyperlipidemia) का खतरा 21% कम होता है.
- ब्लड प्रेशर- हाई बीपी की समस्या होने का डर 18% तक कम हो जाता है.

Photo Credit: Pexels
आखिर सुबह का समय ही क्यों है बेस्ट? (Why morning exercise might be better)
वैज्ञानिकों ने इसके पीछे कुछ मुख्य कारण बताए हैं-
1. बॉडी क्लॉक- (Circadian Rhythms)
सुबह के समय शरीर में ‘इंसुलिन सेंसिटिविटी’ ज्यादा होती है और ‘कोर्टिसोल’ हार्मोन का लेवल बढ़ा होता है. इस समय एक्सरसाइज करना हमारे शरीर की बनावट और बायोलॉजिकल प्रोसेस के साथ एकदम फिट बैठता है.
2. फैट बर्निंग- (Fat Burning)
सुबह के समय ज्यादातर लोग खाली पेट (Fasted state) एक्सरसाइज करते हैं. ऐसे में शरीर को एनर्जी के लिए हाल ही में खाए गए खाने से कार्बोहाइड्रेट नहीं मिलते, तो वह शरीर में जमा पुरानी चर्बी (Fat) को जलाना शुरू कर देता है. इससे वजन जल्दी कम होता है.
3. रूटीन में निरंतरता- (Consistency)
शाम को अक्सर ऑफिस का काम, दोस्तों से मिलना या थकान जैसी वजहें वर्कआउट मिस करा देती हैं. लेकिन सुबह का समय सिर्फ आपका होता है. एक बार आप सुबह उठने की आदत डाल लें, तो एक्सरसाइज मिस होने के चांस बहुत कम हो जाते हैं.
क्या शाम को एक्सरसाइज करना बेकार है?
बिल्कुल नहीं! रिसर्च में यह साफ कहा गया है कि “कुछ न करने से बेहतर है कि आप कुछ करें.” अगर आपकी लाइफस्टाइल ऐसी है कि आप सुबह 7 से 8 बजे का समय नहीं निकाल सकते, तो दोपहर या शाम को एक्सरसाइज करना भी आपके शरीर के लिए बहुत फायदेमंद है.
ये भी पढ़ें- कैलिफोर्निया में पाया गया कोरोना का नया वेरिएंट बीए.3.2, जानिए लक्षण और बचाव के तरीके
एनेस्थीसिया कैसे सुन्न कर देता है शरीर? क्यों लोग डरते हैं इससे, जानिए इससे जुड़े मिथ्स और फैक्ट्स…
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)


