
Ujjain Labour Death News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में सड़क निर्माण कार्य (Road Construction Accident) के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत (Labour Death) के बाद शनिवार को हालात तनावपूर्ण हो गए. घटना से आक्रोशित परिजनों और समाजजनों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर आगर रोड पर चक्काजाम (Road Blockade Protest) कर दिया. मुख्य मार्ग पर करीब पौन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे अफरा‑तफरी की स्थिति बन गई. उज्जैन में सिंहस्थ (Simhastha Road Widening Project) के मद्देनजर कोयला फाटक से निजातपुरा सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है, इसी दौरान हादसा हुआ.
सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुआ हादसा
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए कोयला फाटक से निजातपुरा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है. इसी दौरान शुक्रवार को राकेश सूर्यवंशी (42) निवासी ग्राम खड़ोतिया, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन से पाइप रिपेयरिंग का काम कर रहे थे. तभी वे अचानक करंट की चपेट में आ गए. गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रात में थाने पहुंचे परिजन, कार्रवाई न होने पर भड़का आक्रोश
हादसे के बाद रात में मृतक के परिजन ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली थाने पहुंचे थे, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं होने से परिजनों में नाराजगी बढ़ गई. शनिवार को शिवसेना और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ परिजनों ने चरक अस्पताल के सामने आगर रोड पर चक्काजाम कर पुलिस‑प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. करीब पौन घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
चक्काजाम की सूचना पर नगर निगम के अपर आयुक्त पवन सिंह, संतोष टैगोर और एसडीएम एल.एन. गर्ग मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया.
टीआई को जांच के निर्देश, मुआवजे का आश्वासन
पीड़ित परिवार ने ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज करने और उचित मुआवजा देने की मांग की. इस पर नगर निगम अपर आयुक्त पवन सिंह ने थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन से राहत राशि दिलवाने का आश्वासन भी दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया.
एफआईआर नहीं लिखने पर बढ़ा विवाद
मृतक के परिवार में पत्नी रेखाबाई, बेटा अभिषेक और बहू हैं. अभिषेक ने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर काम करता है. उसे फोन पर पिता के हादसे की जानकारी मिली. अस्पताल पहुंचने पर पिता का शव पोस्टमार्टम रूम में रखा था. जब वे रात में थाने पहुंचे तो सुबह आने को कहा गया और यह जानकारी दी गई कि ठेकेदार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है, जिससे परिजन नाराज हो गए.
बेटे को नौकरी देने की मांग
सूर्यवंशी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राठौर ने बताया कि राकेश सूर्यवंशी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन‑पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने मांग की कि मृतक के बेटे को नगर निगम में आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी दी जाए और परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए. फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पीड़ित परिवार को राहत देने का भरोसा दिलाया गया है.
यह भी पढ़ें : Yadvendra Singh Passes Away: पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
यह भी पढ़ें : रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज; दंडवत प्रणाम कर विधानसभा घेराव की कोशिश
यह भी पढ़ें : भोपाल गोमांस तस्करी केस; असलम कुरैशी की जमानत याचिका खारिज, कोर्ट ने ये कहा
यह भी पढ़ें : घरेलू गैस किल्लत को लेकर इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन; कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, CM ने कहा- अफवाह से बचें


