Diesel Hoarding Live Video: महाराष्ट्र के जलग़ांव जिले में पेट्रोलियम ऑयल की जमाखोरी की एक लाइव तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वायरल वीडियो में ट्रैक्टर पर सवार होकर आए जमाखोर पेट्रोल टंकी पर 500 लीटर की पानी की टंकी लेकर पहुंच गए. टंकी के कर्मचारी को पानी की टंकी में डीजल डालते हुए साफ-साफ देखा जा सकता है. वीडियो महाराष्ट्र में डीजल की जमाखोरी का स्याह सच दिखाती है.
खुली बोतल, प्लास्टिक कैन और खुले डिब्बे में पेट्रोल लेना प्रतिबंधित है
गौरतलब है भारत में पेट्रोल पंप से खुली बोतल, प्लास्टिक कैन यानी खुले में पेट्रोल लेना अवैध और सुरक्षा के लिहाज से प्रतिबंधित है. पेट्रोलियम नियमों के अनुसार, पेट्रोल पंपों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल वाहनों की टंकियों में ही ईंधन भरें, लेकिन महाराष्ट्र में खुलेआम नियमों और कानून को ताख पर रखकर डीजल जमाखोरी हो रही है.
वायरल हुआ 500 लीटर पानी की टंकी में डीजल जमाखोरी का वीडियो
मामला जलग़ांव जिले के मुक्ताईनगर तालुका के पेट्रोल पंप का है, जहां पेट्रोलियम नियम-कानूनों को ताक पर रखकर पानी की प्लास्टिक की टंकी में सीधे सरेआम टंकी कर्मचारी द्वारा डीजल भरा जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लगभग 500 लीटर की टंकी में डीजल का स्टॉक किया जा रहा है, जिससे जमाखोरी की आशंका की नज़र से देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें-6 दिनों के लिए छुट्टी पर जा रहे हैं मुंबई के मशहूर डब्बावाले, मुंबईकरों से संघ ने की ये भावुक अपील
पानी की टंकी में डीजल पेट्रोल भरते हुए पेट्रोल टंकी का कर्मचारी
ईंधन की संभावित किल्लत के डर से आम लोग पेट्रोल पंपों पर खड़े हैं
उल्लेखनीय है ईरान-इजराइल युद्ध के चलते देश में पेट्रोलियम पदार्थों पर संकट आ गया है. खाड़ी देशों से आयातित पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी पूरे देश में हो रही है. जलगांव से आई तस्वीर चौंकाती है जबकि ईंधन की संभावित किल्लत के डर से आम नागरिक पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ भारी मात्रा में डीजल को असुरक्षित तरीके से टंकी में भरा जाना सवाल खड़े करता है.


