नई दिल्ली:
मार्च के पहले हफ्ते से लेकर अप्रैल के पहले हफ्ते तक, बारिश ने दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों की मौज कराने के साथ दर्द भी दिए हैं. बारिश जहां सुकून लेकर आई,गर्मी को दूर भगाया तो वहीं ओलों ने किसानों की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया. अब बारिश रुक गई है, तो गर्मी एक्टिव हो गई है. दिन का तापमान बढ़ने लगा है. चिलचिलाती धूप के साथ पसीने छुड़ाती गर्मी बता रही है कि मौसम ने क्या गजब पलटी मारी है. 13 अप्रैल से मौसम विभाग ने गर्मी के तेवर और बढ़ने वाले हैं. फिर वह चाहे दिल्ली हो, यूपी हो या राजस्थान, हर जगह पारा 40 को पार करने वाला है और वो भी तब जब अभी आधा अप्रैल बाकी है. बारिश से लगा था कि शायद अप्रैल में पंखे से ही काम चल जाएगा पर अब मौसम के इस रुख को देखते हुए शायद आपको भी ऐसी की रिपयेरिंग जल्द से जल्द करवानी पड़ेगी. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है.
दिल्ली में इस हफ्ते पारा @40 डिग्री
राजधानी दिल्ली की बात करें तो 13 अप्रैल से पारा चढ़ने वाला है. अभी तो अधिकतम तापमान 35 पर है पर 17 अप्रैल तक अधिकतम पारा 41 डिग्री के पार जाने वाला है. न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पर है. आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई भविष्यवाणी नहीं की गई है. सीधा मतलब है अब दोपहर में चुभती धूप लोगों को परेशान करने वाली है.
राजस्थान में भी कहर मचाएगी गर्मी
राजस्थान में भी गर्मी का पारा बढ़ने वाला है. बीते हफ्ते तक राजस्थान के खेत कश्मीर बन गए थे,ऊपर से बरसी आसमानी आफत यानी बारिश और ओलों ने पूरा खेत किसी सफेद चादर की तरह कर दिया था. अब आलम यह है कि अधिकतम पारा 40 के पार जाने लगा है. इस हफ्ते 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. कोटा और बाड़मेर में 39.6 डिग्री तापमान पहुंच गया है तो अगले 3 दिनों में 4 डिग्री तक पारा बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग ने किसानों के लिए सलाह भी जारी की है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखें. बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है, लेकिन सतर्कता बरतना उचित रहेगा. दोपहर में लू चलने की भी संभावना है जिससे लोगों को दिन में निकलने में भी समस्या होगी.
यूपी-महाराष्ट्र में भी आग बरसाएगी गर्मी
बेमौसम बारिश और ओलों ने यूपी के किसानों का बुरा हाल किया है. अब यहां भी मौसम ने यू टर्न लिया है और अब यहां भी पारा बढ़ने वाला है. अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई है, हालांकि अभी भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है.मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया सहित कई इलाकों में गर्मी बढ़ने वाली है. पूर्वानुमान के अनुसार, लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय आसमान साफ रहेगा और तेज हवाएं चलेंगी.अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों जैसे प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर और आगरा में भी मौसम शुष्क रहा और कहीं वर्षा दर्ज नहीं की गई. मुख्य स्थानों में प्रयागराज और झांसी में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 37.4 डिग्री सेल्सियस और बांदा में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, बरेली (33.5), मुरादाबाद (33.2) और मुजफ्फरनगर (32.0 डिग्री सेल्सियस) में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा.
महाराष्ट्र का मौसम भी बदलने वाला है. अकोला में तापमान 42°C पहुंच गया है, मुंबई सहित ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भी यही हाल है. मुंबई में फिलहाल अधिकतम तापमान 36 डिग्री पर है,पुणे में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंच गया है. मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी महाराष्ट्र और उत्तर महाराष्ट्र के जिलों में भी शुष्क मौसम के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी संभव है. बिहार और मध्य प्रदेश में भी गर्मी का टॉर्चर झेलना होगा, आने वाले दिनों में 4-6 डिग्री पारा बढ़ने वाला है.

कहां-कितना तापमान?

क्यों बढ़ रहा तापमान?
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि उत्तर‑पश्चिम भारत में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक तेज़ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.वहीं पूर्वी और मध्य भारत में इस हफ्ते 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने की संभावना है.आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है, इसलिए सतर्क रहें और खुद को गर्मी से बचाने के लिए जरूरी तैयारी करें.
बारिश के बाद गर्मी के बढ़ते तेवर पर स्काईमेट के मौसम एक्सपर्ट ने विस्तार से बताया है. उन्होंने कहा कि इस बार सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है. महेश पहलावत ने बताया कि 2026 में गर्मी सामान्य से अधिक रहने की प्रबल संभावना है.अप्रैल के मध्य से ही तापमान में तेजी से वृद्धि होगी और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में पारा 40°C-45°C तक पहुंच सकता है. इस बार अल-नीनो के प्रभाव के कारण मानसून में भी कमी (लगभग 6%) और भीषण गर्मी का अनुमान है.मध्य और उत्तर भारत में तेज धूप के साथ हीटवेव (Heatwave) की स्थिति बन सकती है.आने वाले दिनों में तापमान में 7-8 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है.उत्तर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा.आने वाले दिनों में बारिश की संभावना भी कम है.
यह भी पढ़ें- चुभती धूप, छूटते पसीने…बारिश जाते ही शुरू हो गया गर्मी का टॉर्चर, दिल्ली-UP सहित इन राज्यों का मौसम अपडेट


