IAS Jayati Singh DM Barwani Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में बड़वानी जिला कलेक्टर आईएएस जयति सिंह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रही हैं. ‘रोटी-पराठे की जगह कुछ और विकल्प अपनाने व शादियों में इंडक्शन चूल्हा-डीजल भट्टी का उपयोग’ वाला उनका वीडियो वायरल हो रहा है. लोग उन्हें एसी के कमरे से बाहर निकलकर जमीनी हकीकत जानने की नसीहत दे रहे हैं. साथ ही यह भी कह रहे हैं कि उन्हें रसोई गैस सिलेंडर की समस्या का सटीक अंदाजा नहीं है.
गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ी परेशानी
दरअसल, ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव की वजह से मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गैस सिलेंडर की किल्लत देखने को मिल रही है. गैस एजेंसियों के सामने सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं. कई जगहों पर कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आ रही हैं. घर-घर में लोग गैस की कमी से परेशान हैं. हालांकि सरकार की ओर से एलपीजी की किल्लत नहीं होने के दावे किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- MP के सबसे अमीर IAS मनु श्रीवास्तव कौन हैं? प्रयागराज में 19.50 करोड़ की प्रॉपर्टी, नोएडा में खरीदा लग्जरी घर
गैस बचत के लिए क्या बोलीं कलेक्टर
इस बीच गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर बड़वानी की कलेक्टर जयति सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने गैस की बचत करने के लिए ‘रोटी और पराठे की जगह कुछ और’ बनाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि शादियों में इंडक्शन चूल्हा और डीजल भट्टी का उपयोग किया जा सकता है. ज्यादा ईंधन खर्च करने वाले रोटी-पराठे जैसे विकल्पों से हटकर अन्य प्रकार के व्यंजन बनाने पर भी विचार किया जा सकता है.
IAS रवि सिहाग ने अचानक क्यों छोड़ा मध्य प्रदेश कैडर? कलेक्टर से की थी लव मैरिज
IAS Jayati Singh DM Barwani Madhya Pradesh
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO
आईएएस जयति सिंह ने अपने इस इंटरव्यू का वीडियो इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है. इसके बाद यह वीडियो अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया. इंस्टाग्राम पर उनके वीडियो के कमेंट में एक यूजर ने लिखा, “मैडम, यहीं बड़वानी जिले में गैस सिलेंडर बुक नहीं हो रहा है और ब्लैक में 2000 रुपये में मिल रहा है. जनता को ज्ञान देने के बजाय जमीनी स्थिति पर ध्यान दीजिए.”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “धरातल पर आइए. गैस एजेंसी वाले सही तरीके से डिलीवरी नहीं कर रहे हैं और एजेंसी पर लंबी लाइन लगी है. बिना बुकिंग के सिलेंडर नहीं मिल रहा. बुकिंग भी मुश्किल से हो रही है. लगता है आपको जमीनी स्थिति की सही जानकारी नहीं है.”
कौन हैं IAS जयति सिंह, पति भी आईएएस
आईएएस जयति सिंह मध्य प्रदेश कैडर की 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं. उनका जन्म 20 दिसंबर 1988 को हुआ था. स्कूलिंग लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल से हुई है. उनके पिता सिंचाई विभाग में इंजीनियर और मां हाउस मेकर रही हैं.
जयति सिंह 10 सितंबर 2025 से बड़वानी जिले की कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रही हैं. उन्होंने बीटेक और एमबीए की पढ़ाई की है. इंजीनियरिंग के बाद जयति सिंह ने बैंक में मैनेजर के पद पर सेवाएं दीं.
साल 2014 में बैंक की नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी की और पहले प्रयास में AIR 94 हासिल करके एमपी कैडर में आईएएस बनीं. इनके पति शिवम वर्मा साल 2013 बैच के आईएएस अफसर हैं. वर्मा इंदौर के जिला कलेक्टर रह चुके हैं.
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के करोड़पति IPS: 76 अफसरों की संपत्ति का खुलासा, किस अफसर के पास ‘कितना पावर-कितना पैसा’?


