बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में अपनी खूबसूरती और अभिनय के लिए जानी जाने वाली अभिनेत्री नौहीद सेरुसी अब स्क्रीन पर कम नजर आ रही हैं. हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुलकर बात करते हुए वीडियो में उन्होंने बताया कि उन्होंने किसिंग और इंटीमेट सीन करने से मना कर दिया, जिसकी वजह से कई रोल उनके हाथ से निकल गए. नौहीद सेरुसी सनी देओल और सलमान खान की फिल्मों में अपनी एक्टिंग का दम दिखा चुकी हैं. अब एक्ट्रेस एक्टिंग की दुनिया को छोड़ इंफ्लूएंसर बन गई हैं.
ये भी पढ़ें: जब अभिषेक ने किया ऐसा काम और नाराज हो गए अमिताभ बच्चन, गुस्से में कहा था- तुम क्या कर रहे हो?
अच्छे प्रोजेक्ट्स से बाहर होना पड़ा
नौहीद ने कहा कि फिल्मी दुनिया में काम करना बहुत अच्छा अनुभव रहा, लेकिन कुछ बातें उन्हें परेशान करती थीं. उन्होंने बताया, “कॉन्ट्रैक्ट साइन करते ही माना जाता है कि आप किसिंग या इंटीमेट सीन करने के लिए तैयार हैं. लेकिन मैं इसमें सहज नहीं महसूस करती.” उनके अनुसार, आजकल कई फिल्मों में बिना जरूरत के ऐसे सीन जोड़े जाते हैं. नौहीद ने कहा, “मुझे लगता है कि लोग फालतू में किसिंग सीन ऐड करते रहते हैं. स्क्रीन पर ऐसा करते हुए हम अच्छे नहीं लगते.” उन्होंने यह भी माना कि इस वजह से उन्हें कई अच्छे प्रोजेक्ट्स से बाहर होना पड़ा.
पैसे की समस्या भी रही
नौहीद ने इंडस्ट्री की एक और बड़ी समस्या पर भी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा कि कई बार प्रोड्यूसर पेमेंट का 25 प्रतिशत काट लेते हैं या फिर पूरा पैसा ही नहीं देते. नेटवर्किंग सर्कल से दूर रहने का भी उनके करियर पर असर पड़ा. नौहीद को ‘पिया बसंती रे’ गाने और फिल्म ‘अनवर’ से अच्छी पहचान मिली थी. लेकिन पिछले कुछ सालों से वे कम फिल्मों और सीरीज में काम कर रही हैं. उनकी आखिरी रिलीज वेब सीरीज ‘जब खुली किताब’ थी.
नौहीद इंफ्लुएंसर के रूप में सक्रिय
अब नौहीद इंफ्लुएंसर के रूप में सक्रिय हैं. इंस्टाग्राम पर उनके वीडियो काफी पॉपुलर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें अब यहां ज्यादा सुकून मिलता है. “मैंने महसूस किया कि इंस्टाग्राम मेरी सच्ची पुकार है.” नौहीद की यह खुली बातचीत बॉलीवुड में काम करने वाली कई अभिनेत्रियों की जद्दोजहद को दर्शाती है, जहां पर्सनल कम्फर्ट और प्रोफेशनल डिमांड के बीच संतुलन बनाना चुनौती भरा हो जाता है.


