नई दिल्ली:
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिस स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस को बताया कि आग का मंजर देख वो बेहद डर गया था. इसलिए वह घटनास्थल से भाग गया. यहां से वह अपने घर नहीं गया, सड़कों पर ऐसे ही घूमता रहा. साथ ही लवकेश ने दावा किया कि उसने ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट के तहत लाइसेंस लिया था. पुलिस आज करीब 2 बजे लवकेश को कोर्ट में पेश करेगी और पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी. फ्लोरिस स्टे होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत हुई है और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
“मैं डर गया था, इसलिए भाग गया”
फ्लोरिस स्टे होटल में बुधवार को आग लगी, जिसके बाद से लवकेश बजाज फरार चल रहा था. दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लवकेश के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया था. इसके बाद शाम को पुलिस ने लवकेश को गिरफ्तार कर लिया. लवकेश बजाज ने बुधवार रात दिल्ली पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया, “मैं घटना के वक्त मौके से होकर गुजर गया, वहां रुका नहीं. दरअसल, मैं बेहद डर गया था. मुझे कुछ समय में नहीं आ रहा था, इसलिए वहां से बिना किसी को कुछ बताए भाग गया.”
“घर नहीं गया, सड़कों पर घूमता रहा”
मालवीय नगर होटल के मालिक ने बताया, “होटल में लगी आग को देखकर मैं इतना डर गया था कि मेरी कुछ समझ में नहीं आ रहा था. कहां जाऊं, क्या करूं… इसी पशोपेश में सड़कों पर भटकता रहा. मैं अपने घर भी नहीं गया. इस डर के साए से बाहर निकलने में मुझे काफी समय लग गया.”
तीन साल पहले खरीदी थी बिल्डिंग
फ्लोरिस स्टे होटल के मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस को पूछताछ में बताया, “मैंने तीन साल पहले अहुलवालिया नाम के शख्स से यह बिल्डिंग ली थी और होटल कम गेस्ट हाउस शुरू किया था. इससे पहले यहा खादी की दुकान थी. ये इमारत उस समय काफी जर्जर थी. मैंने ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट के तहत लाइसेंस लिया था.”
ये भी पढ़ें:- भाई हम नहीं बचेंगे, वो आखिरी फोन कॉल, दिल्ली मालवीय नगर आग में CA विवेक अग्रवाल के परिवार के 8 लोगों की मौत
दिल्ली पुलिस लवकेश बजाज के इस दावों की जांच कर रही है. आज करीब 2 बजे के आसपास लवकेश को कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस उसकी 5 दिन की रिमांड मांग सकती है.
ये भी पढ़ें:- उपहार से लेकर मालवीय नगर तक, दिल्ली में आग की बड़ी घटनाओं से नहीं लिया सबक


