ओडिशा में भीषण गर्मी के चलते 16 लोगों की मौत, तीन की जान हीटस्ट्रोक से गई, कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार

Latest and Breaking News on NDTV ओडिशा में भीषण गर्मी के चलते 16 लोगों की मौत, तीन की जान हीटस्ट्रोक से गई, कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार


Odisha Heatwave Deaths 2026: ओडिशा में भीषण गर्मी अब लोगों के लिए जानलेवा बनती जा रही है. लगातार बढ़ते तापमान और लू के थपेड़ों ने हालात ऐसे कर दिए हैं कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. राज्य में अब तक 16 मौतों की शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें से तीन की पुष्टि हीटस्ट्रोक से हुई है. कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

हीटवेव से बढ़ा मौत का आंकड़ा

राज्य में तेज गर्मी और लू के कारण हालात गंभीर हो गए हैं. प्रशासन के मुताबिक, अब तक 16 मौतों की जानकारी मिली है, जिनमें से तीन लोगों की मौत हीटस्ट्रोक के कारण हुई है. ये मौतें बोलांगीर, सुंदरगढ़ और सुबरनपुर जिलों में दर्ज की गई हैं. बाकी मामलों की जांच अभी जारी है, जिससे यह साफ हो सके कि वे भी गर्मी से जुड़ी हैं या नहीं.

45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

ओडिशा के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. कुछ जगहों पर तो पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. हालत ये है कि सुबह 8 बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं, जबकि दोपहर तक स्थितियां और ज्यादा खतरनाक हो जाती हैं.

“आसमान से आग बरस रही है”

भीषण गर्मी से परेशान लोग कहते हैं कि बाहर निकलते ही ऐसा लगता है मानो आसमान से आग बरस रही हो. तेज धूप और गर्म हवाएं कुछ ही मिनटों में शरीर को झुलसा देती हैं. इसी वजह से लोग जरूरी काम भी टालने लगे हैं और घरों में ही रहने को मजबूर हैं.

बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानियां

स्थिति को और खराब बना रही है लगातार हो रही बिजली कटौती. कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है. गर्मी से सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही है.

सड़कों और बाजारों में पसरा सन्नाटा

भीषण गर्मी का असर साफ तौर पर सड़कों और बाजारों में दिख रहा है. दोपहर होते ही सड़कें खाली हो जाती हैं और बाजारों में सन्नाटा छा जाता है. कई जगहों पर हालत ऐसे हैं जैसे कर्फ्यू लगा हो, क्योंकि लोग धूप से बचने के लिए घरों से बाहर नहीं निकल रहे.

सरकार की तैयारी और राहत

सरकार का कहना है कि जागरूकता और सावधानियों के चलते इस बार हीटस्ट्रोक से होने वाली मौतों की संख्या पहले की तुलना में कम है. जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिवारों को राज्य आपदा राहत कोष से 50-50 हजार रुपये की मदद दी गई है.

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों का तुरंत इलाज किया जा सके. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.  





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *