मम्मी का इमोशनल वॉइस नोट
Mother Emotional Voice Note: सोशल मीडिया की भागदौड़ भरी दुनिया में कभी-कभी ऐसी वीडियो वायरल होती हैं, जो इंसान को ठहरने पर मजबूर कर देती हैं. इन दिनों एक बेटी द्वारा शेयर किया गया अपनी मां का इमोशनल ‘वॉइस नोट’ इंटरनेट पर हर किसी की आंखें नम कर रहा है. इस वीडियो से खासकर वो लोग खुद को ज्यादा जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं तो अपने परिवार से दूर रहते हैं और दिनभर की थकान के बाद अपने माता-पिता की बात सुनने के लिए तरसते हैं. इस वीडियो को शालिनी पाठक नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर किया है, जिसमें उनकी मां उन्हें प्यार से लाडो कहकर उनके हाल-चाल पूछती हैं. साथ ही बड़े सुकून के साथ ख्याल रखती नजर आती हैं.
यह भी पढ़ें: कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती! डॉग का ये वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को कर रहा मोटिवेट, आप भी देख लीजिए
तुम्हारी बहुत याद आती है लाडो…
वॉइस नोट में शालिनी की मां कहती हैं ‘शालिनी तुम कैसी हो बेटा? तुम्हारी बहुत याद आती है लाडो. मैं कितने बार कॉल की, तुम कॉल भी नहीं उठा रही हो. प्लीज बेटा तुम अपना फोन साइलेंट पर मत रखा करो. सुनो बेटा, मन लगाकर पढ़ाई करना. अगर मन नहीं लगता है तो अपने दोस्तों के घर जाया करो. उनसे सारी बातें किया करो और थोड़ा मिला-जुला करो, आपस में बातचीत किया करो. उससे क्या होता है मन हल्का होता है बेटा. किसी भी बात को टेंशन मत लेना लाडो. मैं तुम्हारे साथ हूं..और सुनो बेटा तुम खाना-पीना टाइम से खातेपीते रहना ताकि सेहत बढ़िया रहेगा. थोड़ा सा भी प्रॉब्लम होगा अपने मम्मी-पापा को कॉल करके बताना बेटा. जो भी टेंशन होगी हम लोग लेंगे. तुम्हें कोई टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. बाकी मैं क्या बोलूं आप खुद समझदार हो..बहुत याद आती है..आई लव यू.’
आप भी देखिए ये वीडियो
‘मां जैसा कोई नहीं’
वीडियो को इंस्टाग्राम पर @slayaniiii नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया है जिसपर अभी तक 3 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 3 लाख से ज्यादा लाइक्स आ चुके हैं. वीडियो के कमेंट सेक्शन में इंटरनेट यूजर्स अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा ‘आंटी जी आपने तो रुला ही दिया’, दूसरे यूजर ने लिखा ‘मां की केयर और लव को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता’, एक अन्य यूजर ने लिखा ‘मां जैसा सच में कोई नहीं’. इसके अलावा बॉलीवुड एक्टर और डांसर आयशा खान ने भी वीडियो देखकर लिखा ‘मां जैसा कोई नहीं’
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.


