दिल्ली हवाई अड्डे पर अकासा एयर के विमान VT‑YBA और स्पाइसजेट के विमान VT‑SLB के बीच एक मामूली टक्कर हो गई. फ्लाइटराडार24 के प्लेबैक के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब लेह से आ रहा स्पाइसजेट का विमान गेट की ओर टैक्सी कर रहा था, जबकि अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए रवाना होने की प्रक्रिया में था.
इस घटना पर अकासा एयर ने बयान जारी कर कहा कि दिल्ली से हैदराबाद जा रही अकासा एयर की फ्लाइट QP 1406 को 16 अप्रैल, 2026 को वापस लौटना पड़ा. प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि अकासा का विमान स्थिर खड़ा था, जब दूसरी एयरलाइन के विमान ने उससे टक्कर मार दी. सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित उतार लिया गया और हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं.
अकासा एयर ने कहा कि निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच चल रही है. अकासा एयर में, हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
स्पाइसजेट ने एक बयान जारी कर बताया कि 16 अप्रैल 2026 को दिल्ली हवाई अड्डे पर टैक्सींग के दौरान उसके B737‑700 विमान के साथ एक घटना हुई. इस दुर्घटना में स्पाइसजेट विमान के दाहिने विंगलेट और एक अन्य एयरलाइन के विमान के बाएं क्षैतिज स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा. एहतियातन स्पाइसजेट के विमान को दिल्ली में ही रोक दिया गया है. वहीं, आईजीआई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों के बीच दुर्घटना को लेकर डीजीसीए ने जांच शुरू की.
ये भी पढ़ें : ईरान की ताकत समझने में हो गई अमेरिका से भूल? सुपरपावर को कैसे दे रहा 6 हफ्तों से चुनौती


