Noida Student Beaten in The Hostel: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की की औद्योगिक नगरी नोएडा (Noida) के फेस-3 थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर एक किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. घटना मामूरा गांव के एक पीजी का बताया जा रहा है, जहां देर रात तीन युवकों ने नशे की हालत में एक नाबालिग को पहले डंडे और गैस की पाइप से पीटा. इसके बाद उसे निर्वस्त्र कर वीडियो भी बना लिया.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक आठवीं कक्षा का छात्र है और पास के एक पीजी में देखभाल का काम भी करता है. देर रात वह अपने दोस्तों के साथ पीजी में एक दोस्त का जन्मदिन मना रहा था. रात करीब तीन बजे, जब बाकी दोस्त एक साथी को छोड़ने बाहर गए हुए थे, तभी तीन युवक विनेश, वंश और कृष्णा पीजी में घुस आए. किशोर ने जब उन्हें टोका, तो वे नाराज होकर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया.
घायल किशोर को अस्पताल में कराया भर्ती
इस दौरान दो युवकों ने किशोर को डंडे और गैस पाइप से जमकर पीटा, जबकि तीसरा युवक घटना का वीडियो बनाता रहा. मारपीट के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके कपड़े भी उतरवा दिए गए. करीब 10 मिनट तक पिटाई करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी. बाद में पीड़ित के दोस्तों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
पीड़ित किशोंर के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित के पिता को घटना की जानकारी उसके दोस्तों के जरिए मिली. पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक इलाके में पहले भी चोरी जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं.
यह भी पढ़ें- Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के खुले नाले में गिरकर 2 साल की बच्ची मौत, दलदल में फंसा मिला शव
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्र में एक किशोर के कमरे पर उसके तीन दोस्त रुकने आए थे. युवक द्वारा मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई. पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. वहीं, इस मामले में अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य दो की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- पर्याप्त सबूत भी नहीं, पर हथियार तस्करी के आरोप में आकिफ 20 वर्ष रहा जेल में बंद, अब बॉम्बे हाई कोर्ट ने दी जमानत


