पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड का असर अब लोनावला के पास स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर भी साफ दिखाई देने लगा है. जिस जगह को लोग पहले उसके प्राकृतिक सौंदर्य, इतिहास और ट्रैकिंग के लिए जानते थे, वहां अब बड़ी संख्या में ऐसे पर्यटक पहुंच रहे हैं जो इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़ी जगह को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं.
लोगों में यह जानने की उत्सुकता है कि आखिर कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या कहां हुई और आरोपियों ने उन्हें किस स्थान से खाई में धकेला था. इसी वजह से पिछले कुछ दिनों में किले पर आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
पुणे से सूरज कसबे की रिपोर्ट…
मर्डर स्पॉट देखने पहुंच रहे लोग
लोनावला के नजदीक स्थित लोहगढ़ फोर्ट इन दिनों सामान्य पर्यटन स्थल से ज्यादा एक चर्चित घटनास्थल के रूप में चर्चा में है. केतन अग्रवाल हत्याकांड सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग उस स्थान को देखने पहुंच रहे हैं, जहां कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया था. पर्यटकों में इस पूरे घटनाक्रम को करीब से समझने और घटनास्थल देखने की उत्सुकता दिखाई दे रही है.
दूसरे राज्यों से भी आ रहे पर्यटक
स्थानीय लोगों के अनुसार, लोहगढ़ फोर्ट पर केवल महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से ही नहीं बल्कि देश के अन्य हिस्सों से भी लोग पहुंच रहे हैं. दिल्ली समेत कई शहरों से आए पर्यटक भी किले का रुख कर रहे हैं. इनमें से कई लोग खास तौर पर उस जगह को देखने के लिए आ रहे हैं, जिसका नाम केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया.
पर्यटकों की संख्या में हुआ बड़ा इजाफा
इस चर्चित मामले के बाद लोहगढ़ फोर्ट पर पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई है. पहले छुट्टियों के दिनों में जहां करीब एक हजार लोग किले पर पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग पंद्रह सौ तक पहुंच गई है. वहीं सप्ताह के सामान्य दिनों में आने वाले पर्यटकों की संख्या भी करीब चार सौ से बढ़कर छह सौ से अधिक हो गई है. बढ़ती भीड़ के चलते स्थानीय पर्यटन गतिविधियों पर भी असर दिखाई दे रहा है.
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी
उधर, पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज गति से आगे बढ़ रही है. मामले के आरोपी सिया गोयल और चेतन को मंगलवार को वडगांव कोर्ट में पेश किया था. सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों आरोपियों की पुलिस हिरासत को 3 जुलाई तक बढ़ा दिया है. जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही हैं और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
ऐतिहासिक किला बना चर्चा का केंद्र
सदियों पुराने इतिहास और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर लोहगढ़ फोर्ट आजकल एक अलग वजह से लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद यह किला केवल पर्यटकों ही नहीं, बल्कि आम लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स की भी दिलचस्पी का केंद्र बन गया है.


