बिहार के योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी. कुशवाहा ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सुशासन की सरकार में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है और सरकार आपराधिक घटनाओं को लेकर पूरी तरह सजग व संवेदनशील है.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल आलोचना की राजनीति में उलझे रहने के कारण विपक्षी दलों की स्थिति कमजोर हुई है. इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां ने खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न युद्ध जैसे हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है.
उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों के संयमित उपयोग को लेकर प्रधानमंत्री की अपील की सराहना की और कहा कि वैश्विक संकट की इस स्थिति से निपटने के लिए आम लोगों को भी सहयोग करना चाहिए. इससे पहले दोनों मंत्रियों ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, अब सभी सोमवार और शुक्रवार को होगी सिर्फ वर्चुअल सुनवाई


