नई दिल्ली: बीते दिनों महिलाओं पर आपत्तिजनक बयान देने वाले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. विवादित बयान पर पहले बिहार महिला आयोग ने नोटिस जारी किया है. अब दिल्ली की एक अदालत में पप्पू यादव के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई गई है. यह शिकायत दिल्ली निवासी सतीश कुमार अग्रवाल ने दर्ज कराई है. सतीश ने शिकायत में आरोप लगाया कि यादव ने 21 अप्रैल को मीडिया से बातचीत के दौरान महिलाओं के खिलाफ ‘‘अपमानजनक, निंदनीय और अभद्र” टिप्पणियां की थीं. हालांकि, विवादित बढ़ने पर पप्पू यादव ने अपने बयान को लेकर माफी भी मांगी थी.
पप्पू यादव पर आरोप- लिंगभेदी टिप्पणियां की
शिकायतकर्ता के अनुसार, पप्पू यादव ने कथित तौर पर लिंगभेदी टिप्पणियां कीं, जिनसे महिलाओं का अपमान हुआ, जो आपराधिक मानहानि के दायरे में आता है. याचिका में कहा गया है कि ये टिप्पणियां महिला आरक्षण विधेयक से संबंधित चर्चाओं के संदर्भ में की गई थीं और इन्हें टेलीविजन चैनल, डिजिटल मंचों तथा सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित किया गया.
शिकायत में कहा गया, ‘‘उक्त बयान से यह संकेत मिलता है कि महिलाओं का राजनीति में प्रवेश और आगे बढ़ना यौन समझौते पर निर्भर है. यह महिलाओं की मर्यादा और गरिमा का सीधा अपमान है व सार्वजनिक विमर्श में यौन उत्पीड़न जैसा माहौल पैदा करने के समान है.” शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने इससे पहले 25 अप्रैल को शाहदरा के फर्श बाजार थाने के प्रभारी से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए संपर्क किया था, लेकिन आरोप लगाया कि कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.
मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री जन सुनवाई पोर्टल के माध्यम से भी एक शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर क्षेत्राधिकार संबंधी मुद्दों का हवाला देते हुए मामले को बिहार के पूर्णिया स्थित पुलिस अधीक्षक के पास भेज दिया. याचिका में भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 356(2) और 356(3) के तहत महिलाओं का अपमान करने और मानहानि से संबंधित कार्रवाई का अनुरोध किया गया है. याचिका में अदालत से पुलिस को ‘‘निष्पक्ष और समयबद्ध जांच” करने का निर्देश देने या भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 202 के तहत जांच कराने संबंधी निर्देश का अनुरोध किया गया है.
यह भी पढे़ं-
राजनीति में कंप्रोमाइज करना पड़ता है… महिलाओं को लेकर पप्पू यादव का विवादित बयान, आयोग ने भेजा नोटिस


