Makeup Brush Cleaning Tips: मेकअप ब्रश महिलाओं द्वारा लगभग हर दिन इस्तेमाल की जाने वाली चीज़ों में से एक है. लेकिन अक्सर देखने को मिलता है इसे कई बार इस्तेमाल करने के बाद भी लोग इसे बिना धोए यूज़ करते रहते हैं. ब्रश को महीनों तक बिना धोए लगातार इस्तेमाल करने से इसमें धूल, तेल, पुराने और मेकअप के कण जमा होने लगते हैं. यही गन्दगी धीरे धीरे त्वचा पर असर डाल सकती है. पिंपल्स, एलर्जी, खुजली और स्किन इन्फेक्शन जैसी परेशानियों के पीछे गंदे मेकअप ब्रश भी एक वजह हो सकते हैं. अगर आप अपनी स्किन को हेल्दी रखना चाहते हैं, तो मेकअप ब्रश की नियमित सफाई बेहद जरूरी है.
क्यों गंदे हो जाते हैं ब्रश?
मेकअप लगाते समय ब्रश लगातार चेहरे के तेल, पसीने और प्रोडक्ट्स के संपर्क में आते हैं. इस्तेमाल के बाद इन्हें बिना साफ रख देने से बैक्टीरिया तेजी से बढ़ने लगते हैं.
कितने दिनों में करें सफाई?
फाउंडेशन और कंसीलर ब्रश को हफ्ते में एक बार साफ करना बेहतर माना जाता है. वहीं पाउडर ब्रश को 10 से 15 दिनों में साफ किया जा सकता है.
बेबी शैंपू से करें क्लीनिंग
ब्रश साफ करने के लिए हल्का बेबी शैंपू या माइल्ड क्लीनर इस्तेमाल करें. गुनगुने पानी में थोड़ा शैंपू मिलाएं और ब्रश को हल्के हाथों से साफ करें.
गर्म पानी का ज्यादा इस्तेमाल न करें
बहुत गर्म पानी ब्रश के बालों को खराब कर सकता है. हमेशा हल्के गुनगुने पानी से ही सफाई करें.
सही तरीके से सुखाना भी जरूरी
ब्रश धोने के बाद उन्हें सीधा खड़ा करके न सुखाएं. इससे पानी अंदर चला जाता है और गोंद कमजोर हो सकती है. इन्हें तौलिए पर सीधा लिटाकर सुखाना बेहतर रहता है.
मेकअप बैग की सफाई भी करें
सिर्फ ब्रश ही नहीं, बल्कि मेकअप रखने वाला बैग भी साफ होना चाहिए. गंदे बैग में रखने से ब्रश जल्दी दोबारा गंदे हो जाते हैं.
अगर आप नियमित रूप से मेकअप ब्रश साफ करते रहेंगे, तो आपकी स्किन ज्यादा साफ और हेल्दी बनी रह सकती है. छोटी-सी यह आदत लंबे समय तक स्किन को बेहतर रखने में मदद कर सकती है.


