लखनऊ:
यूपी में सिपाही सुनील शुक्ला ने ‘घूसखोरी’ के धड़ाधड़ 6 वीडियो अपलोड किये, तो पूरे महकमे में हड़कंप मच गया. अब लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सुनील शुक्ला को सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने और विभागीय अधिकारियों पर ड्यूटी लगाने के नाम पर वसूली के गंभीर आरोप लगाने के मामले में निलंबित कर दिया गया है. सुनील शुक्ला पर सेवा नियमों और आचरण संहिता के उल्लंघन की कार्रवाई की गई है. सुनील शुक्ला ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो अपलोड कर आरोप लगाया था कि ड्यूटी लगाने के नाम पर सिपाहियों से 2,000 रुपये तक वसूले जाते है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि यह वसूली ‘चैन सिस्टम’ के माध्यम से ऊपर तक पहुंचाई जाती है. वीडियो में उन्होंने आईपीएस अधिकारियों को काला अंग्रेज तक बुलाया था.
बयान के बाद विभागीय जांच के हुए आदेश, 12 पुलिसवाले हटाए गए
यूपी पुलिस के सिपाही के बयानों और वीडियो के वायरल होने के बाद, पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिया.निष्पक्ष जांच के लिए गणना कार्यालय (Duty Assignment) से एक दारोगा समेत 12 पुलिसकर्मियों को हटाया गया था. पुलिस प्रशासन ने ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है.
अनुशासनहीनता और सोशल मीडिया गाइडलाइन के उल्लंघन पर कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) द्वारा निर्धारित सोशल मीडिया गाइडलाइंस का हवाला देते हुए, विभाग ने सिपाही सुनील शुक्ला के आचरण को नियमों के विरुद्ध माना और उन्हें निलंबित कर दिया है.
ये भी पढ़ें :- DIG दफ्तर में बवाल: पुलिस से नोकझोंक के बाद सांसद इकरा हसन हिरासत में लिया, थाने के बाहर दिया धरना
2 हफ्ते में 6 वीडियो उपलोड किये
लखनऊ पुलिस लाइन में तैनाश सिपाही सुनील शुक्ला ने पिछले दो हफ्ते में कुल 6 वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार, विभागीय व्यवस्था और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे जिससे पुलिस महकमा में भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बना था. सिपाही सुनील शुक्ला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने पुलिस विभाग में कामकाज और अनुशासन को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.
ये भी पढ़ें :- यूपी पुलिस में ‘रीलबाजों’ पर एक्शन की तैयारी, डीजीपी मुख्यालय का कड़ा आदेश


