Sahara desert dinosaur: सहारा का वो रेगिस्तान जहां आज दूर दूर तक सिर्फ धूल और लू का पहरा है, वहां कभी खूंखार शिकारियों का बसेरा हुआ करता था. आखिर ये कौन सा खूंखार जीव था जो पानी में रहकर मछलियों का शिकार करता था? वैज्ञानिकों ने नाइजर के जेंगुएबी इलाके से एक ऐसे ही महामानव आकार के डायनासोर की खोज की है, जो करीब 10 करोड़ साल पहले धरती पर राज करता था. शिकागो यूनिवर्सिटी के पॉल सेरेनो और उनकी टीम ने इस नायाब खोज को अंजाम दिया है, जिसे सुनकर दुनिया हैरान है.
Photo Credit: AI
इस शिकारी का नाम ‘स्पाइनोसॉरस मिराबिलिस (Spinosaurus mirabilis)’ रखा गया है. ताज्जुब की बात ये है कि ये डायनासोर आज के शेर या टी-रेक्स की तरह सिर्फ जमीन पर नहीं दौड़ता था, बल्कि ये उथले पानी का बेताज बादशाह था. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट बताती है कि, इसे पहली बार 2019 में महसूस किया गया था, जब इसके जबड़े का हिस्सा मिला, लेकिन असली खेल तो 2022 में शुरू हुआ.

सिर पर कलगी और पानी में शिकार का शौक (Spinosaurus mirabilis discovery)
इस डायनासोर की बनावट भी बड़ी तिलिस्मी थी. इसके सिर पर दो बड़ी हड्डियों वाली कलगी (क्रेस्ट) थी, जो शायद इसे अपनी बिरादरी में सबसे अलग और ‘हैंडसम’ दिखाती होगी. जानकारों का कहना है कि ये केराटिन से ढकी कलगी पहचान के काम आती थी. कमाल की बात ये है कि जिस जगह ये मिला है, वो कभी टेथिस सागर के किनारे हुआ करती थी.

Photo Credit: AI
भले ही आज वो जगह समंदर से 600 मील दूर हो, पर उस दौर में ये विशालकाय जीव मछलियों का काल था. इसकी फुर्ती और वजन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, इसे मशहूर टायरेनोसौरस रेक्स (T-Rex) के बराबर का दर्जा दिया जा रहा है. साइंस जर्नल में छपे इस शोध ने डायनासोर की दुनिया के कई अनसुलझे पन्ने खोल दिए हैं.
ये भी पढ़ें:-सावधान! भूलकर भी मत उठाना पेड़ से गिरा फल! नहीं तो लग सकता है 3.75 लाख का जुर्माना
मिट्टी से निकला 10 करोड़ साल पुराना सच (T-Rex sized dinosaur found)
सालों की खुदाई और मलबे की छानबीन के बाद ये पूरी तस्वीर साफ हुई है. वैज्ञानिकों का मानना है कि ये डायनासोर पानी के इतने करीब था कि इसके शरीर की बनावट ही तैरने और मछली पकड़ने के लिए ढल गई थी. सहारा की रेत ने न जाने ऐसे कितने ही खूंखार राज अपने सीने में दफन कर रखे हैं, जिनमें से ये एक सबसे बड़ी कामयाबी है.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल खबर के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)


