पश्चिम बंगाल में नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी होंगे. उन्हें बीजेपी विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया है. सीएम पद के ऐलान के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बीजेपी सरकार बंगाल में विकास काम करेगी. इस दौरान शुभेंदु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के नेताओं का धन्यवाद दिया. उन्होंने अमित शाह को आधुनिक राजनीतिक का चाणक्य बताया. इस दौरान शुभेंदु ने मंच पीएम मोदी के लिए जिंदाबाद के नारे भी लगवाए.
‘हमारा मंत्र सबका साथ-सबका विकास का’
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में सालों की मेहनत का फल मिला है. बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में जो-जो वादे किए हम उन सभी को समय से पूरा करेंगे. हमारा मंत्र चरैवति चरैवति और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास,सबका प्रयास का है. उन्होंने कहा कि हम बंगाल को भय मुक्त करेंगे. शुभेंदु ने कहा पीेएम मोदी ने बंगाल की जनता को जो गारंटी दी थी, हम उसे पूरा करेंगे.
‘PM मोदी की गारंटी को करेंगे पूरा’
पश्चिम बंगाल के भावी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने कई गारंटी दी हैं और भारतीय जनता पार्टी की सरकार उन सभी को पूरा करने के लिए काम करेगी. हम सिर्फ बातों पर विश्वास नहीं करते. भारतीय जनता पार्टी काम करके दिखाने में विश्वास रखती है. हम बोलते कम हैं और काम ज्यादा करते हैं. आज मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आने वाले दिनों में, हमारी सरकार और संगठन पार्टी की विचारधारा और पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक भावना के प्रति पूरी तरह समर्पित रहेंगे. हम अपने घोषणापत्र में किए गए हर वादे को तय समय सीमा के भीतर पूरा करेंगे.’
#WATCH | Kolkata | BJP leader Suvendu Adhikari has been announced as the leader of the West Bengal BJP Legislative Party by Union Home Minister Amit Shah, the Central Observer for the election of the legislative party leader in West Bengal. pic.twitter.com/O5Orxl3Bgq
— ANI (@ANI) May 8, 2026
‘बंगाल को बनाएंगे भय मुक्त’
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हर दिन, हमारा लक्ष्य मोदी जी के विजन के तहत पश्चिम बंगाल को बदलना है. पश्चिम बंगाल के BJP कार्यकर्ताओं से लेकर असम, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों के पार्टी सहयोगियों तक, हर कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा से एकजुट है. जो लोग इस सफर में हमारे साथ हैं, वे हमारे वैचारिक रास्ते से जुड़े हुए हैं. जैसा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के शब्दों में कहा गया है, ‘जहां मन भय-मुक्त हो और सिर ऊंचा हो.’ हम एक ऐसा बंगाल चाहते हैं जो भय-मुक्त हो और गरिमा से भरा हो.
भवानीपुर विधानसभा जैसी हॉट सीट से तृणमूल चीफ ममता बनर्जी को 15 हजार वोटों से हराने के बाद सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे प्रबल उम्मीदवार माना जा रहा था. भाजपा के मुताबिक, सुवेंदु 9 मई, यानी रवींद्र जयंती के मौके पर ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अभी कुछ समय पहले ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई. 8 प्रस्ताव और समर्थन मिले हैं, सभी में एक ही नाम मिला है. मैं सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल के नेता के रूप में निर्वाचित घोषित करता हूं.
बता दें कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत हासिल की है. भाजपा ने 293 में से 207 सीट हासिल की है, जबकि तृणमूल 80 सीटों तक ही सिमट कर रह गई है. बंगाल में बहुमत का जादुई आंकड़ा छूने के लिए 148 सीट चाहिए थीं, लेकिन भाजपा ने 207 सीटों के साथ यह आंकड़ा भी पार कर लिया है. वहीं, एक सीट फाल्टा पर 21 मई को मतदान और 24 मई को नतीजे आएंगे.


