हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता इरफान खान का नाम उन कलाकारों में लिया जाता है, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि हॉलीवुड में भी खास पहचान बनाई. 29 अप्रैल 2020 को उनका निधन हुआ था, लेकिन उनकी यादें और फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं. इरफान खान उन चुनिंदा भारतीय अभिनेताओं में शामिल थे, जिनकी फिल्मों ने दुनिया भर में हजारों करोड़ की कमाई की. खास बात यह है कि उनकी कुछ हॉलीवुड फिल्मों का कलेक्शन बॉलीवुड के बड़े सुपरस्टार्स जैसे शाहरुख खान, सलमान खान और रणवीर सिंह की फिल्मों से भी ज्यादा रहा.
करियर और लाइफ स्ट्रगल
इरफान खान का सफर आसान नहीं था. जयपुर के एक साधारण परिवार से आने वाले इरफान ने एक्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए काफी संघर्ष किया. उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पढ़ाई की और छोटे-छोटे टीवी रोल्स से शुरुआत की. धीरे-धीरे उन्होंने अपनी अलग एक्टिंग शैली से लोगों का दिल जीता. ‘मकबूल’, ‘पान सिंह तोमर’ और ‘हिंदी मीडियम’ जैसी फिल्मों ने उन्हें एक बेहतरीन अभिनेता के रूप में स्थापित किया. उनकी खासियत थी कि वे हर किरदार को बेहद सहज और वास्तविक तरीके से निभाते थे.
हॉलीवुड में सफलता और रिकॉर्ड तोड़ कमाई
इरफान खान ने हॉलीवुड में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया. उनकी फिल्म जुरैसिक वर्ल्ड (2015) ने दुनियाभर में 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया. वहीं द अमेजिंग स्पाइडर-मैन (2012) ने करीब 7100 करोड़ रुपये की कमाई की. इन फिल्मों में भले ही उनका रोल लीड न हो, लेकिन उनकी मौजूदगी ने भारतीय दर्शकों का ध्यान खींचा. इसके अलावा ‘लाइफ ऑफ पाई’ और ‘Inferno’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने शानदार अभिनय किया.
यह भी पढ़ें: 29 साल पहले बॉबी-सनी की आने वाली थी ये फिल्म, दो भाई करने वाले थे जबरदस्त एक्शन, इस वजह से हुई डिब्बाबंद
इरफान खान का निधन 2020 में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ. उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति थी. आज भी उन्हें उनकी दमदार एक्टिंग, सादगी और इंटरनेशनल पहचान के लिए याद किया जाता है.


