नई दिल्ली:
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस हमले में सुवेंदु के पीएस बुद्धदेव और कार के ड्राइवर भी घायल हो गए हैं. यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में हुई. इस घटना के बाद से तनाव बढ़ गया है. सुवेंदु अधिकारी भी अस्पताल पहुंच चुके हैं. अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक भी पहुंच गए हैं. अस्पताल के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
इस घटना के बाद से पूरे बंगाल में तनाव बढ़ गया है. बीजेपी ने इस हत्याकांड के लिए टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया है. बीजेपी विधायक कौस्तव बागची ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, टीएमसी ने इस घटना की निंदा की है.
इस बीच हमलावरों को लेकर कुछ जानकारियां सामने आई हैं. हालांकि, हमलावर फरार हैं. गोली मारकर हमलावर वहां से फरार हो गए.
अब तक क्या-क्या पता चला?
- कार का लंबे वक्त तक पीछा: जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने उस कार का लंबे वक्त तक पीछा किया, जिसमें चंद्रनाथ रथ और बुद्धदेव सवार थे.
- कार स्लो होते ही फायरिंग: चंद्रनाथ अपने घर जा रहे थे. रास्ते में बिरयानी खाने के लिए गाड़ी रोकी और तभी हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
- कैसे हुआ हमला: न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि हमलावरों ने पहले विंडशील्ड पर गोली चलाई. फिर चंद्रनाथ रथ पर गोली चलाई, जो आगे की सीट पर बैठे थे.
- अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत: मध्यमग्राम में जेसोर रोड पर दोहरिया के पास हुई. घटना के बाद स्थानीय लोग चंद्रनाथ को पास के नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ेंः बिरयानी लेने रुके थे सुवेंदु के PA, पीछा कर रहे थे हत्यारे; सामने आया हमले के बाद का वीडियो
कौन थे चंद्रनाथ रथ?
सुवेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी ने NDTV को बताया कि भवानीपुर में चंद्रनाथ रथ एजेंट भी थे, जहां से ममता बनर्जी चुनाव हारी हैं. उन्होंने बताया कि चंद्रनाथ रथ पहले वायुसेना में थे. वायुसेना की नौकरी छोड़कर वह सुवेंदु अधिकारी के पीए बने थे.
सुवेंदु अधिकारी ने क्या कहा?
अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या को सुवेंदु अधिकारी ने सोची-समझी साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी और हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी. उन्होंने कहा कि ‘यह 15 साल के ‘महा-जंगल राज’ का नतीजा है. बीजेपी यहां के गुंडों को खत्म करने का काम शुरू करेगी.’
#WATCH | North 24 Parganas | On his PA, Chandra shot dead in Madhyamgram, BJP leader Suvendu Adhikari says, “This is a pre-planned murder, and this is what DGP said. A recce was done for 2-3 days and a murdered was fully planned. The police initiated investigation… We are… pic.twitter.com/XqcQR8Vz8D
— ANI (@ANI) May 6, 2026
हमलावरों के बारे में क्या पता है?
गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए हैं. हमलावर कार और बाइक से आए थे. कार से पहले चंद्रनाथ रथ की कार को रोका और फिर बाइक सवारों ने गोलीबारी की.
चश्मदीदों ने बताया कि चंद्रनाथ रथ की कार को सबसे पहले डोलताला के पास दोहरिया जंक्शन पर एक फोर-व्हीलर ने रोका. इसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. कार में सवार लोग गाड़ी को वहीं पर छोड़कर बाइक से फरार हो गए.
VIDEO | Suvendu Adhikari’s PA death: DGP Siddh Nath Gupta says, “We have started the investigation. We have seized a vehicle used in the crime, and it has been found that its number plate was tampered with. The number plate used belongs to a vehicle in Siliguri, but it is fake… pic.twitter.com/g8c91ti8Lg
— Press Trust of India (@PTI_News) May 6, 2026
पुलिस ने बताया कि कार और बाइक दोनों पर ही फर्जी नंबर प्लेट थी. डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि हमले में इस्तेमाल गाड़ी को जब्त कर लिया गया है. उसकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी. इस्तेमाल की गई नंबर प्लेट सिलिगुड़ी की है लेकिन वह नकली है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से गोलियों के खोल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.
यह भी पढे़ंः सभी जीते हुए MLA को मिले सुरक्षा, CBI करे पूरे मामले की जांच: NDTV से बोले सुवेंदु अधिकारी के भाई
क्या प्री-प्लान्ड था मर्डर?
जिस तरह से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, उससे लग रहा है कि इसकी पहले से ही पूरी तरह से प्लानिंग की गई थी. बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह एक प्लान किया हुआ और टारगेटेड हमला था.
बीजेपी नेताओं ने इस हमले के पीछे टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया है. कुछ बीजेपी नेताओं ने सीधे तौर पर ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर आरोप लगाया है. बीजेपी विधायक कौस्तव बागची ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.
वहीं, टीएमसी ने इस घटना की निंदा की है. टीएमसी ने एक बयान जारी कर कहा कि हम इस मामले पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल है.
यह भी पढ़ेंः हम इस घटना की निंदा करते हैं… सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या पर TMC
उबलने लगा बंगाल
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद अब बंगाल में फिर से बवाल हो गया है. वाइवासिटी अस्पताल के बाहर सैकड़ों की संख्या में समर्थक इकट्ठा हो गए हैं. बीजेपी कार्यकर्ता इस हत्याकांड के लिए सीधे-सीधे टीएमसी और ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं.
यह हत्या ऐसे समय में हुई है, जब विधानसभा चुनावों के बाद बंगाल में राजनीतिक तनाव बना हुआ है. बीजेपी और टीएमसी दोनों ही पार्टियां कई जिलों में एक-दूसरे पर डराने-धमकाने, हमले करने और बदले की हिंसा का आरोप लगा रही हैं.
अस्पताल के बाहर, “हमें इंसाफ़ चाहिए” और “राजनीतिक हत्याएं बंद करो” के नारे देर रात तक गूंजते रहे.
हमलावरों की पहचान करने और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं. पुलिस यह पता लगाने की भी कोशिश कर रही है कि क्या चंद्रनाथ रथ को विशेष रूप से सुवेंदु अधिकारी के करीब होने के कारण निशाना बनाया गया था या फिर यह हमला किसी बड़ी राजनीतिक साजिश का हिस्सा था.
यह भी पढ़ेंः ‘यह एक सोची समझी हत्या है, BJP यहां के गुडों को खत्म करेगी…’, PA की हत्या पर सुवेंदु अधिकारी का पहला रिएक्शन


