पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने निंदा की है. टीएमसी ने एक बयान जारी कर इस घटना की निंदा की है और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
सुवेंदु अधिकार के पीए चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह अपनी कार से जा रहे थे. उनकी कार जैसे ही रुकी, बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में सुवेंदु के पीएस बुद्धदेव और ड्राइवर भी घायल हो गए हैं.
इस घटना के लिए बीजेपी ने टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया है. बीजेपी विधायक कौस्तव बागची ने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, टीएमसी ने अब इस घटना की निंदा की है.
टीएमसी ने क्या कहा?
टीएमसी ने एक बयान जारी कर कहा, ‘हम आज रात मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करते हैं. इसके साथ ही, हम पिछले तीन दिनों में चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटनाओं में तीन अन्य टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं. आरोप है कि ये हिंसक वारदातें बीजेपी समर्थित उग्रवादियों ने की हैं, जबकि इस दौरान आचार संहिता लागू थी.’
We strongly condemn the brutal murder of Chandranath Rath in Madhyamgram tonight, along with the killing of three other TMC workers in incidents of post-poll violence allegedly carried out by BJP-backed miscreants over the last three days, despite the Model Code of Conduct being…
— All India Trinamool Congress (@AITCofficial) May 6, 2026
इस बयान में टीएमसी ने आगे कहा, ‘हम इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें अदालत की निगरानी में CBI जांच भी शामिल है, ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में खड़ा किया जा सके.’
टीएमसी ने अपने बयान में यह भी कहा कि ‘लोकतंत्र के लिए हिंसा और राजनीतिक हत्याओं के लिए कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.’
बीजेपी ने टीएमसी को ठहराया जिम्मेदार
बीजेपी विधायक कौस्तव बागची ने NDTV से बात करते हुए कि इस पूरी साजिश में ममता बनर्जी का हाथ है. उन्होंने कहा कि भवानीपुर के चुनाव में चंद्रनाथ रथ का बड़ा रोल था. उस आक्रोश के कारण यह घटना हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तनाव पैदा करने का काम ममता बनर्जी कर रही हैं. उन्होंने मांग की कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
यह भी पढ़ेंः बिरयानी लेने रुके थे सुवेंदु के PA, पीछा कर रहे थे हत्यारे; सामने आया हमले के बाद का वीडियो
यह भी पढे़ंः सभी जीते हुए MLA को मिले सुरक्षा, CBI करे पूरे मामले की जांच: NDTV से बोले सुवेंदु अधिकारी के भाई


