Agra murder Case: आगरा के मलपुरा क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में युवक की हत्या की साजिश उसके भाई ने ही रची थी. पुलिस के मुताबिक, भाई ने सम्पत्ति को लेकर युवक की हत्या की और फिर गंगाजल प्रोजेक्ट लाइन में शव दफना दिया. पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है. उसने पुलिस को बताया कि चाकू और ईंट से भाई पर प्रहार किए थे, जिससे उसकी मौत हो गई थी.
खून के धब्बे मिलने से परिवार में मचा कोहराम
दरअसल, शुक्रवार सुबह अचानक अनीत रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया. युवक जहां सोया था उस जगह पर खून के धब्बे मिलने से सनसनी फैल गई. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच गई. मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई. इस जांच के दौरान युवक का शव आगरा की रोहता नहर के पास गड्ढे में मिला. शव के साथ ही बिस्तर भी वहीं पड़ा हुआ था. जांच के दौरान पुलिस को मृतक के भाई पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की.
पूछताछ में जानकारी मिली कि उसने भाई पर चाकू और ईंट से प्रहार किए थे. वहीं खून न बिखरे इस लिए बिस्तर सहित शव को उठाकर गंगाजल प्रोजेक्ट लाइन में दफनाया था. फिलहाल पुलिस ने हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
पशुओं के बाड़े पर सो रहा था अनीत
जानकारी के मुताबिक, मृतक अनीत गुरुवार रात अपने घर से दूर खेतों पर बने पशुओं के बाड़े पर सोने गया था. वह हर दिन यहीं पर सोता था, लेकिन सुबह शुक्रवार को जब उसकी पत्नी पशुओं के पास पहुंची तो उसे चारपाई के पास खून के निशान दिखाई दिए और वहां अनीत नहीं था. इसके बाद चीख पुकार मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
ये भी पढ़ें: निकाह का झांसा देकर पहले पति से तलाक करवाया… दुष्कर्म किया फिर वादे से मुकरा, FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार


