एनडीटीवी को मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला मंदिर की मूल वाग्देवी प्रतिमा की खास तस्वीरें मिली हैं. यह प्राचीन प्रतिमा फिलहाल लंदन के एक संग्रहालय में सुरक्षित रखी गई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि यदि भारत सरकार आधिकारिक रूप से इस प्रतिमा को वापस लाने का अनुरोध करती है, तो इसे जल्द ही भारत वापस लाया जा सकता है और यह अपने मूल स्थान पर पुनः स्थापित हो सकती है.
यह प्रतिमा सफेद संगमरमर से बनी हुई है, जिसकी ऊंचाई लगभग 4 फीट और वजन करीब 250 किलोग्राम बताया जाता है. इसमें बेहद बारीकी से उभरी हुई नक्काशी की गई है, जो इसकी कलात्मक उत्कृष्टता को दर्शाती है. प्रतिमा पर संस्कृत भाषा में शिलालेख भी अंकित हैं, जो इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को और बढ़ाते हैं. माना जाता है कि इस प्राचीन प्रतिमा को वर्ष 1880 में लंदन ले जाया गया था, जहां यह आज भी संरक्षित है.
धार की भोजशाला में मां वाग्देवी की पूजा होती है. वर्तमान में यह मां वाग्देवी की प्रतिमा ब्रिटिश म्यूजियम ग्रेट रसल स्ट्रीट में रखी है. मीडिया की खबरों के अनुसार मुगलों के आक्रमण के बाद खंडित हुई इस प्रतिमा को अंग्रेजों ने खुदाई कर 1875 में निकाला था. इसके बाद बीते 117 साल से मां वाग्देवी की प्रतिमा लंदन में ही है.


