Delhi University Exam Bakrid: दिल्ली यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई करने वाले एक मुस्लिम छात्र ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उसने कहा था कि बकरीद वाले दिन डीयू का एग्जाम है, जबकि उन्हें अपना त्योहार मनाना है. छात्र ने बताया था कि सरकार की तरफ से 27 मई वाली छुट्टी को बढ़ाकर 28 मई कर दिया गया है, ऐसे में इसी दिन बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन इस दिन एग्जाम है. छात्र ने मांग की थी कि एग्जाम की तारीख को आगे बढ़ा दिया जाए, इस पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई और दिल्ली यूनिवर्सिटी की तरफ से जवाब भी दिया गया.
4 जुलाई के बाद होगी परीक्षा
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने हाईकोर्ट को बताया है कि जो भी अल्पसंख्यक छात्र बकरीद का त्योहार मनाना चाहते हैं, वो डीयू की लॉ फैकल्टी के डीन को एक ईमेल भेजकर इसकी जानकारी दे सकते हैं. ऐसे छात्रों की परीक्षाएं 4 जुलाई के बाद आयोजित की जाएंगी. यानी उन तमाम छात्रों को राहत दी गई है, जिन्हें 28 मई को बकरीद का त्योहार मनाना है.
इस मामले पर हाईकोर्ट ने यूनिवर्सिटी के इस बयान को नोट कर लिया है और कहा है कि लॉ फैकल्टी को परीक्षा की नई तारीख के बारे में छात्रों को कम से कम एक हफ्ते पहले ईमेल से जानकारी देनी होगी. अब ऐसे तमाम छात्र डीन को एक ई-मेल भेजकर अपनी परीक्षाओं की तारीख आगे बढ़ा सकते हैं.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक परीक्षा 28 मई को होनी है, इससे पहले जब 27 मई को ईद मनाई जानी थी, तब ये वाली परीक्षा एक दिन आगे बढ़ाई गई थी. हालांकि जब चांद दिखने के हिसाब से 28 तारीख तय हुई तो परीक्षा की तारीख नहीं बदली. इसे लेकर लॉ फैकल्टी में पढ़ने वाले एक छात्र ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी. छात्र ने अपने धार्मिक अधिकारों का हवाला देते हुए बताया कि समुदाय के बड़े त्योहार के दिन परीक्षा देना मुमकिन नहीं है, ऐसे में परीक्षा की तारीख बदली जाए.
ये भी पढ़ें – NEET और CBSE के बाद अब SSC एग्जाम को लेकर बवाल, छात्रों का फूटा गुस्सा


