Bhopal Kidnapping Video: राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीच सड़क पर एक युवक को रोककर पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया गया. पूरी घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
यह मामला प्रभात पेट्रोल पंप के पास का बताया जा रहा है, जहां दिन के उजाले में कुछ युवकों ने एक युवक को घेर लिया. सड़क से गुजर रहे लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना ने आसपास मौजूद लोगों को भी चौंका दिया.
मारपीट के बाद जबरन कार में बैठाया
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपियों ने युवक को पीटने के बाद उसे जबरदस्ती एक कार में बैठाया और वहां से लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग सिर्फ तमाशबीन बने रहे. इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराज़गी बढ़ी और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव भी बना.
पुरानी रंजिश बनी घटना की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी और पीड़ित के बीच पहले से कोई विवाद चल रहा था. माना जा रहा है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया.
राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीच सड़क पर एक युवक को रोककर पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया गया. पूरी घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद… pic.twitter.com/kJqqS48epX
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) May 26, 2026
पुलिस ने दिखाई तेजी, आरोपी गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने के बाद भोपाल पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की और सभी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही अगवा किए गए युवक को भी सुरक्षित छुड़ा लिया गया.
तत्काल कार्रवाई की गई- पुलिस कमिश्नर
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है.
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने राजधानी भोपाल की कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस तरह दिन के उजाले में सरेआम एक युवक का अपहरण हुआ, उससे आम लोगों में डर का माहौल बन गया है.


