दिल्ली में बिजली पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ने वाला है, लेकिन 400 यूनिट बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं पर इस बढोतरी का कोई असर नहीं पड़ेगा. DERC ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की परमिशन दे दी है. जिसके बाद दिल्ली में बिजली का बिल अब महंगा हो जाएगा. बिजली कंपनियों के लिए फिलहाल FPPAS यानी फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज वसूलने की लिमिट 10% तय थी. इसे बढ़ाकर 16-17 फीसदी करने की परमिशन दे दी गई है.
दिल्ली में बढ़ेंगे बिजली के दाम
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यानि CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने पत्र लिखकर कहा है कि बिजली दरों में बढ़ोतरी से दिल्ली के दुकानदारों और फैक्ट्री मालिकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. दिल्ली में कमर्शियल और इंडस्ट्रीज के लिए बिजली की दरें पहले से ही पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तुलना में बहुत ज्यादा हैं. अब ये हरियाणा और उत्तर प्रदेश से 15-20% महंगी हो जाएंगी. इसकी वजह से दिल्ली से फैक्ट्रियां हरियाणा और उत्तर प्रदेश में शिफ्ट हो सकती हैं, क्योंकि वहां बिजली की दरें और न्यूनतम मजदूरी दिल्ली की तुलना में सस्ती होने से लागत कम पड़ेगी.
दिल्ली से फैक्ट्रियां हरियाणा, यूपी में हो सकती हैं
बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली में रेजिडेंशियल में बिजली दरों में सब्सिडी मिलती हैं. लेकिन कमर्शियल और इंडस्ट्रीज में सब्सिडी नहीं मिलने से बिजली हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तुलना में बहुत ज्यादा महंगी हो जाएंगी, जिससे व्यापारियों और फैक्ट्री मालिकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और वस्तुओं के दाम बढने की संभावना बढ़ेगी.
UP के बाद दिल्ली में भी बिजली पर बढ़ा फ्यूल सरचार्ज
बता दें कि ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से तेल संकट के बीच दूध, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और सीएनजी के दाम बढ़ गए हैं. अब बिजली भी महंगी होने लगी है. पिछले दिनों UP में बिजली पर फ्यूल सरचार्ज 10 प्रतिशत बढ़ाने की खबर सामने आई थी. यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बिजली के दाम बढ़ा दिए थे. UPPCL ने फ्यूल सरचार्ज 10 प्रतिशत का इजाफा किया था. जिसके बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा था कि उनसे बिना पूछा बिजली के दाम बढ़ाए गए. अब दिल्ली में भी बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगने वाला है. बिजली पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ने जा रहा है.
ये भी पढ़ें-यूपी में बिजली महंगी होगी, फ्यूल सरचार्ज 10 प्रतिशत बढ़ाया गया


