आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर से करोड़ों रुपये के चढ़ावा चोरी के आरोप के बाद भी ट्रस्ट के जनरल सेक्रेटरी चंपत राय के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि मंदिर से करोड़ों का चढ़ावा चोरी हो गया, लोगों के मन में कई सवाल हैं, ऐसे में जिन पर सबसे ज्यादा आरोप लग रहे हैं, सरकार को उन्हें पद से हटाना चाहिए. चंपत राय को अब तक हटाया क्यों नहीं गया?
केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि राम मंदिर में अरबों रुपये के चढ़ावे की चोरी हो गई है. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया है. श्रद्धालु मंदिर जाते हैं और भगवान के सामने पैसे और हीरे-जवाहरात चढ़ाते हैं. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपये का कैश और कई सारे हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए हैं.
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे ये बात फैलती जा रही है, हर राम भक्त और हर सनातनी बहुत ज्यादा दुखी है. मैंने बहुत लोगों से बात की. लोगों के मन में बहुत सारे सवाल हैं कि आखिर यह क्या हो गया? मोटे तौर पर पांच प्रश्न निकलकर आ रहे हैं. आज मैं पहला प्रश्न जनता के सामने रख रहा हूं और अगले दो-तीन दिन में बाकी प्रश्न भी सबके सामने रखूंगा.
केजरीवाल ने कहा कि इस मंदिर को एक ट्रस्ट चलाता है, इसमें चंपत राय जनरल सेक्रेटरी हैं और वही सर्वेसर्वा हैं. पूरा मैनेजमेंट उन्हीं के हाथ में है. सबसे ज्यादा आरोप उन्हीं के ऊपर लग रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना होने के बावजूद अभी तक मंदिर का प्रबंधन उन्हीं के हाथ में है और उन्हें पद से हटाया नहीं गया है. मंदिर अभी भी वही चला रहे हैं. क्या उन्हें सारे सबूत खत्म करने और गवाहों को पलटने के लिए समय दिया जा रहा है? आखिर उन्हें कौन बचा रहा है?
यह भी पढ़ें; कैसे राम मंदिर ट्रस्ट वाले चंपत राय का संघ परिवार में बढ़ा इतना कद, क्यों कहे जाते हैं अयोध्या के पटवारी


