Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

Encounter in Ghaziabad: गाजियाबाद के मुरादनगर (Muradnagar) थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. दरअसल, चेकिंग के दौरान शनिवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मोबाइल छिनैती करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया.

पुलिस की ओर से बताया गया है कि मुरादनगर थाना पुलिस की टीम डम्पिंग ग्राउंड रेलवे पुल के पास गंगनहर पटरी पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान चित्तौड़ा नहर की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई. खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया.

दिल्ली के रहने वाले हैं पकड़े गए अपराधी

पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को हिरासत में ले लिया. घायल बदमाश की पहचान राहुल उर्फ रितिक के रूप में हुई है, जो दिल्ली के जाफराबाद का निवासी है. वहीं, उसके साथी की पहचान विनय के रूप में हुई है, जो दिल्ली के उस्मानपुर इलाके का रहने वाला है. घायल राहुल को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल और हथियार बरामद

गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल होने वाला सामान और अवैध हथियार बरामद किए हैं. इन अपराधियों से जो सामान बरामद हुए हैं, उनमें एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, विभिन्न स्थानों से लूट और चोरी किए गए कुल 10 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक चोरी की मोटरसाइकिल के अलावा एक अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन दोनों बदमाशों पर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न जिलों में लूट, चोरी और छिनैती के कई मुकदमे दर्ज हैं. ये बदमाश राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के मामलों में शामिल रहे हैं. फिलहाल, पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है, ताकि इनके अन्य साथियों और वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *