दुनिया के पहले ट्रिलियनेर बनते ही टेक दिग्गज एलन मस्क ने एआई (AI) की दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा दांव खेल दिया है. मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोडिंग के क्षेत्र में तहलका मचाने वाले मशहूर स्टार्टअप ‘कर्सर’ (Cursor) को बनाने वाली कंपनी ‘एनिसफेयर’ (Anysphere) को 60 बिलियन डॉलर यानी करीब 5.66 लाख करोड़ रुपये में खरीदने का सौदा पक्का कर लिया है. अभी पिछले हफ्ते ही अमेरिकी शेयर बाजार में स्पेसएक्स की ऐतिहासिक लिस्टिंग हुई थी, जिससे कंपनी की वैल्यू 2 ट्रिलियन डॉलर के पार चली गई थी. इस बंपर सफलता के तुरंत बाद मस्क ने ये ऑल-स्टॉक डील (शेयरों के बदले सौदा) करके पूरी टेक इंडस्ट्री को चौंका दिया है.
क्या है मस्क का असली प्लान?
इस महाडील के जरिए मस्क अपनी एआई कंपनी xAI को मजबूत करना चाहते हैं, जिसे इसी साल फरवरी में स्पेसएक्स ने अपने साथ जोड़ा था. मस्क का प्लान बहुत सीधा है, वे एआई कोडिंग के आकर्षक बाजार पर कब्जा करना चाहते हैं.
आज की तारीख में कॉरपोरेट जगत और डेवलपर्स के बीच एआई कोडिंग टूल्स की मांग सबसे ज्यादा है, क्योंकि ये इंसानों की तरह खुद कोडिंग और सॉफ्टवेयर डिजाइन कर सकते हैं. स्पेसएक्स ने अपने IPO के समय निवेशकों को भरोसा दिलाया था कि आने वाले समय में बिजनेस एआई का ग्लोबल मार्केट साइज 28.5 ट्रिलियन डॉलर का होने वाला है. मस्क इसी विशाल बाजार के बड़े हिस्से पर कब्जा करना चाहते हैं.
OpenAI और एंथ्रोपिक को मिलेगी सीधी टक्कर
चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई (OpenAI) और एंथ्रोपिक (Anthropic) इस समय एआई मार्केट के लीडर हैं. कर्सर (Cursor) एक ऐसा स्टार्टअप है जिसने अपनी बेहतरीन कोडिंग क्षमता के दम पर दुनिया भर के डेवलपर्स को अपनी ओर खींचा है, लेकिन उसके पास बड़े सुपरकंप्यूटर और कंप्यूटिंग पावर की कमी थी.
अब मस्क की ताकत और स्पेसएक्स का पैसा मिलने के बाद कर्सर सीधे ओपनएआई को चुनौती दे पाने में सक्षम हो सकता है. मस्क जल्द ही अपने एआई चैटबॉट ‘ग्रोक’ (Grok) और कर्सर को मिलाकर ‘ग्रोक बिल्ड’ (Grok Build) नाम का एक एडवांस कोडिंग टूल लॉन्च करने जा रहे हैं.
मस्क की महत्वाकांक्षा AI सेक्टर में भी राज करने की है.
स्पेसएक्स की वैल्यू पहुंची 2.5 ट्रिलियन डॉलर के पार
इस डील की खबर आते ही स्पेसएक्स के शेयर मंगलवार को शुरुआती कारोबार में ही 10% उछल गए. इस उछाल के साथ स्पेसएक्स की कुल मार्केट वैल्यू (मार्केट कैप) बढ़कर 2.53 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है. अब मस्क की कंपनी अमेजन (Amazon) को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे मूल्यवान कंपनी बनने की कगार पर है.
दिग्गज बिलियनेयर इन्वेस्टर बिल एकमैन ने मस्क की इस रणनीति की तारीफ करते हुए ‘X’ पर लिखा, ‘स्पेसएक्स की इतनी ऊंची वैल्यू होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उसे 60 बिलियन डॉलर की इतनी बड़ी डील के लिए अपने बहुत कम शेयर छोड़ने पड़े.’
साल 2022 में शुरू हुए कर्सर स्टार्टअप का सालाना रेवेन्यू तेजी से बढ़कर 2.6 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है. मस्क ने इस सौदे से संकेत दिया है कि वे सिर्फ रॉकेट उड़ाने या सैटेलाइट इंटरनेट देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आने वाले समय में दुनिया की सबसे बड़ी एआई महाशक्ति बनने की महत्वाकांक्षा रखते हैं.
लेखक के बारे में

निलेश कुमार
Senior Producer
और पढ़ें


