तमिलनाडु में विजय की सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया है. विजय ने शनिवार को चौथी पार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. सूत्रों ने बताया कि अब विजय रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. लोक भवन से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की है कि विजय रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
विजय की टीवीके पार्टी ने सरकार बनाने के लिए समर्थन जुटा लिया है. उनके पास अब 120 विधायकों का समर्थन हो गया है. तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत है.
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में से विजय की टीवीके के पास 107 सीटें हैं. उनके पास अब कांग्रेस के 5 विधायकों के अलावा CPI, CPI(M), VCK और IUML के 2-2 विधायकों का भी समर्थन है. इस तरह से उनके पास 120 विधायक आ गए हैं.
समर्थन करने वाले नेताओं के साथ पहुंचे विजय
शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए विजय समर्थन करने वाली पार्टियों के नेताओं के साथ पहुंचे. उन्होंने राज्यपाल को विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा. इस दौरान उनके साथ समर्थन करने वाली पार्टियों के नेता भी मौजूद थे.
चौथी बार गवर्नर से मिले विजय
4 मई को तमिनलाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे. विजय की टीवीके बहुमत से सिर्फ 11 सीटें दूर रह गई थी. विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा था. कांग्रेस से समर्थन मिलने के बाद विजय 6 मई को पहली बार गवर्नर से मिले थे. हालांकि, तब उनके पास बहुमत नहीं था और गवर्नर भी उनके बहुमत के दावे से संतुष्ट नहीं थे. इसके बाद से विजय तीन बार गवर्नर से मिल चुके थे. शनिवार को उन्होंने चौथी बार गवर्नर से मुलाकात की है.
तमिलनाडु में अब बनेगी विजय की सरकार
सरकार बनाने के लिए जरूरी विधायकों का समर्थन मिलने के बाद अब तमिलनाडु में विजय की सरकार बनने का रास्ता भी साफ हो गया है. विजय ने जब पहली बार राज्यपाल से मुलाकात की थी, तब उनके पास 112 विधायकों का समर्थन था, लेकिन अब उनके पास 120 विधायक हो गए हैं. शनिवार को VCK और IUML ने उन्हें समर्थन देने का ऐलान कर दिया.
यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में थलापति विजय की TVK ने बदला सियासी गणित, युवाओं की बनी पहली पसंद, आंकड़ों से समझिए इसकी वजह
यह भी पढ़ेंः TVK की एक चूक से अटका सत्ता का दावा, ‘गलत सलाह’ पर बनी विजय की रणनीति ने ही बिगाड़ दिया सारा खेल


