‘वंदे मातरम्’ की गूंज, भारतीय प्रवासियों का जोरदार स्वागत और स्लोवाकिया की ‘ब्रेड एंड साल्ट’ वाली खास परंपरा… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्लोवाकिया दौरा (PM Modi Slovakia Visit) यादगार बन गया है. ब्रातिस्लावा पहुंचते ही उन्हें शानदार स्वागत मिला, जहां भारतीय संस्कृति और स्लोवाक परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिला. इस दौरान फेमस ग्रूप लुस्निका एन्सेम्बल ने राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” की अपने ही अंदाज में शानदार प्रस्तुति दी. पीएम मोदी का यहां के सदियों पुरानी परंपरा ‘ब्रेड और सॉल्ट’ से भी स्वागत किया गया. वहीं भारतीय समुदाय के लोगों ने भी पीएम मोदी का उत्साह के साथ स्वागत किया.
गूंज उठा वंदे मातरम्…
ब्रातिस्लावा के एक होटल में फेमस ग्रूप लुस्निका एन्सेम्बल ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में “वंदे मातरम्” परफॉर्म किया. इसी ग्रूप ने 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया यात्रा के दौरान भारतीय राष्ट्रगान भी प्रस्तुत किया था. लूसनिका (Lúčnica) स्लोवाकिया का एक बहुत ही प्रसिद्ध और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लोक कला समूह (National Folklore Ballet) है.
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार इस अनुभव के बारे में बताते हुए ग्रूप के एक मेंबर ने कहा, “यह बहुत शानदार अनुभव था. प्रधानमंत्री मोदी बहुत विनम्र थे और उन्होंने हमारा आभार जताया. यह मेरे लिए खास यादगार पल था क्योंकि मैंने इससे पहले कभी किसी प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति नहीं दी थी.” ग्रूप की एक अन्य मेंबर ईवा ने कहा, “वह बहुत विनम्र थे. मुझे भारतीय लोग पसंद हैं क्योंकि वे बहुत दयालु होते हैं.”
ब्रातिस्लावा पहुंचने पर पीएम मोदी का स्लोवाकिया की सदियों पुरानी परंपरा ‘ब्रेड और सॉल्ट’ से भी स्वागत किया गया. यह परंपरा मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक मानी जाती है. स्लोवाक संस्कृति में ब्रेड समृद्धि और जीवनयापन का प्रतीक है, जबकि सॉल्ट दोस्ती, महत्व और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है. यह परंपरा आमतौर पर विशेष मेहमानों के स्वागत के लिए अपनाई जाती है और यह दिखाती है कि स्लोवाक लोग मेहमानों का स्वागत कितनी गर्मजोशी से करते हैं.
ब्रेड और नमक छूने को देकर पीएम मोदी का स्वागत किया गया (फोटो- X/मोदी)
खास है यह दौरा
भारत के विदेश मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में इस दौरे के महत्व को बताते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया पहुंच गए हैं. स्लोवाकिया की आजादी के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है, जो भारत-स्लोवाकिया संबंधों में एक ऐतिहासिक पड़ाव है. होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत स्लोवाक गणराज्य के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री यूराज ब्लानार ने किया. उन्हें स्लोवाकिया की पारंपरिक ‘ब्रेड और सॉल्ट’ से स्वागत किया गया, जो मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक है. यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगी और साझेदारी के नए रास्ते खोलेगी.”


