बॉलीवुड में कई सितारे आते हैं और चले जाते हैं. लेकिन कुछ किरदार और उन्हें निभाने वाले अदाकार ऐसे होते हैं जो सालों बाद भी लोगों के दिल और दिमाग में रह जाती हैं. 80 के दशक में एक ऐसी ही एक्ट्रेस ने एंट्री ली जिसने अपनी खूबसूरती और अदाओं से हर किसी को दीवाना बना दिया. एक ही फिल्म ने उसे रातों-रात स्टार बना दिया और उस फिल्म को भी जबरदस्त मुनाफा हुआ जिसमें वो नजर आई. लेकिन जितनी तेजी से वो शौहरत की सीढ़ियां चढ़ी, उतनी ही अचानक वो गायब भी हो गई. आज भी लोग जानना चाहते हैं आखिर वो थी कौन और कहां चली गई?
ये भी पढ़ें: खिड़की पर बैठे उल्लू ने बदली थी सत्यजीत रे की किस्मत, पश्चिम बंगाल सरकार ने एक फिल्म के लिए ऐसे की थी मदद
इस फिल्म से चमकी किस्मत
हम जिस एक्ट्रेस की बात कर रहे हैं उसका नाम है जैस्मिन धुन्ना जो नजर आईं थीं फिल्म वीराना में. 1988 में आई फिल्म ‘वीराना’ उस दौर की सबसे अलग और बोल्ड हॉरर फिल्मों में गिनी जाती है. महज 60 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब ढाई करोड़ रुपये कमा लिए. जो उस समय बहुत बड़ी बात थी. फिल्म में एक खूबसूरत लेकिन खतरनाक आत्मा का किरदार दिखाया गया. जिसने दर्शकों को डराने के साथ-साथ उन्हें अपनी ओर अट्रैक्ट भी किया. इस किरदार को निभाने वाली एक्ट्रेस ने अपनी अदाओं, एक्सप्रेशन और स्क्रीन प्रेजेंस से ऐसा जादू चलाया कि लोग उन्हें सबसे खूबसूरत भूत कहने लगे. फिल्म भले ही बड़े पर्दे पर सीमित रही हो, लेकिन बाद में वीडियो और टीवी पर इसने जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल की और कल्ट क्लासिक बन गई.
अंडरवर्ल्ड का साया और हीरोइन का गायब होना
जहां इस फिल्म ने जैस्मिन धुन्ना को स्टार बना दिया. वहीं इसके बाद उनका अचानक गायब हो जाना किसी पहेली से कम नहीं रहा. इंडस्ट्री में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कहा जाता है कि उनका नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ गया था. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वो उनकी दीवानगी की वजह से लगातार दबाव और डर में रहने लगी थीं. हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री छोड़नी पड़ी. यहां तक कि ऐसी भी खबरें आईं कि उन्होंने भारत ही छोड़ दिया. कई साल बीत चुके हैं. लेकिन आज भी उनका कोई ठोस पता नहीं मिला है.


